Student dies of malaria: जांगला बालक आश्रम में कक्षा 5वीं के आदिवासी छात्र लश्कर वट्टी की मलेरिया से मौत के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। अपर कलेक्टर भूपेंद्र अग्रवाल की जांच रिपोर्ट के बाद आश्रम के प्रभारी अधीक्षक संदीप टोप्पो को पद से हटा दिया गया है। कलेक्टर कार्यालय की आदिवासी विकास शाखा से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार संदीप टोप्पो को बालक आश्रम जांगला, विकासखंड भैरमगढ़ के प्रभारी अधीक्षक के दायित्व से तत्काल पृथक कर दिया गया है और उन्हें उनकी मूल संस्था में वापस भेज दिया गया है। उनके स्थान पर शासकीय माध्यमिक बालक आश्रम जांगला के सहायक शिक्षक एन्केया वेड़जे को आगामी आदेश तक प्रभारी अधीक्षक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
कैसे हुई छात्र की मौत? क्या थी लापरवाही?
लश्कर वट्टी जांगला आश्रम में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि मलेरिया की चपेट में आने के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई, लेकिन समय पर सही इलाज और अस्पताल रेफर करने में लापरवाही हुई, जिसके चलते उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इलाके के विधायक विक्रम मंडावी ने इस घटना पर दुःख जताते हुए आश्रम की व्यवस्था और मलेरिया मुक्त बस्तर के दावे पर सवाल उठाया था और कार्रवाई की मांग की थी।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आश्रम प्रबंधन पर बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी में भारी लापरवाही का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर भूपेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में जांच टीम गठित की थी।
आश्रमों की स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर सवाल
बता दें कि बीजापुर अतिसंवेदनशील मलेरिया प्रभावित जिला है। जिले के दूरस्थ अंदरूनी इलाकों के सैकड़ों आदिवासी बच्चे आश्रम-छात्रावासों में रहकर पढ़ते हैं। ऐसे में रोजाना हेल्थ चेकअप, बुखार पर तत्काल मलेरिया किट से जांच, दवा और गंभीर हालत में तुरंत जिला अस्पताल भेजने की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए।
इस मौत ने आदिवासी आश्रमों में स्वास्थ्य और निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट के अन्य बिंदुओं पर प्रशासन और क्या कार्रवाई करता है।
FAQ: जांगला बालक आश्रम छात्र मौत मामला
सवाल: बीजापुर में किस छात्र की मौत हुई है?
जांगला स्थित बालक आश्रम में कक्षा 5वीं में पढ़ने वाले आदिवासी छात्र लश्कर वट्टी की मौत हुई है।
सवाल: छात्र की मौत का कारण क्या बताया जा रहा है?
छात्र की मौत मलेरिया से तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान हुई। परिजनों ने आश्रम में समय पर इलाज नहीं मिलने की लापरवाही का आरोप लगाया था।
सवाल: प्रशासन ने किस पर कार्रवाई की है?
प्रशासन ने बालक आश्रम जांगला के प्रभारी अधीक्षक संदीप टोप्पो को पद से हटा दिया है और उन्हें उनकी मूल संस्था में वापस भेज दिया है।
सवाल: नए प्रभारी अधीक्षक किसे बनाया गया है?
सहायक शिक्षक एन्केया वेड़जे को आगामी आदेश तक जांगला बालक आश्रम का नया प्रभारी अधीक्षक बनाया गया है।
सवाल: जांच किसने की थी और आदेश कहां से जारी हुआ?
इस मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई थी, जिसका नेतृत्व अपर कलेक्टर भूपेंद्र अग्रवाल ने किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर कार्यालय की आदिवासी विकास शाखा से कार्रवाई का आदेश जारी हुआ है।


