Vice President Raipur Visit 2026: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार, 2 सितंबर को रायपुर के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे से पहले मंगलवार को वीआईपी रूट की मॉकड्रिल और ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी का असर शहर की सड़कों पर भी देखने को मिला। खासकर वीआईपी रोड पर लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में बुधवार को भी एयरपोर्ट से एम्स रायपुर और वापस एयरपोर्ट तक वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। अगर आप इन रास्तों से गुजरने वाले हैं तो समय का ध्यान रखकर निकलना बेहतर होगा।
आज हुई रिहर्सल, कल होगा असली VIP मूवमेंट
किसी बड़े वीआईपी के दौरे से पहले सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को परखने के लिए मॉकड्रिल की जाती है। इसमें सुरक्षा बल और प्रशासन वीआईपी के संभावित रूट पर पूरी व्यवस्था की पहले से तैयारी करते हैं। मंगलवार को भी उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले इसी तरह की तैयारियां की गईं। इस दौरान वीआईपी रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बुधवार को उपराष्ट्रपति के वास्तविक दौरे के दौरान भी कुछ समय के लिए यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।
एयरपोर्ट से एम्स तक रहेगा मुख्य मूवमेंट
उपराष्ट्रपति का विशेष विमान बुधवार सुबह करीब 9:55 बजे स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचेगा। एयरपोर्ट पर स्वागत और परिचय कार्यक्रम के बाद वे करीब 10:05 बजे सड़क मार्ग से एम्स रायपुर के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उनका काफिला करीब 10:45 बजे एम्स रायपुर पहुंचेगा। एयरपोर्ट से एम्स की दूरी करीब 24.6 किलोमीटर बताई गई है। इस दौरान एयरपोर्ट से एम्स की ओर जाने वाले वीआईपी रूट पर आम ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना रहेगी।
11 बजे एम्स के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
उपराष्ट्रपति सुबह 11 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इसके बाद वे कुछ समय के लिए रिजर्व रहेंगे। दोपहर 12:35 बजे वे एम्स से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। उनका काफिला करीब 1:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है।
दोपहर में फिर प्रभावित हो सकता है ट्रैफिक
उपराष्ट्रपति के एम्स से एयरपोर्ट लौटने के दौरान भी संबंधित वीआईपी रूट पर ट्रैफिक व्यवस्था बदली जा सकती है। दोपहर करीब 1:25 बजे विशेष विमान से उनके दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है। यानी बुधवार को रायपुर में वीआईपी मूवमेंट का असर सुबह और दोपहर, दोनों समय देखने को मिल सकता है।
कल इन बातों का रखें ध्यान
- सुबह एयरपोर्ट से एम्स की तरफ जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
- वीआईपी रोड पर यात्रा करने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जरूर देख लें।
- दोपहर में एम्स से एयरपोर्ट की ओर जाने वाले रूट पर भी ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।
- जरूरी काम हो तो वीआईपी मूवमेंट के समय इन रास्तों से बचना बेहतर रहेगा।
- प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक डायवर्जन या एडवाइजरी का पालन करें।
उपराष्ट्रपति का पूरा कार्यक्रम
| समय | कार्यक्रम |
|---|---|
| 9:55 बजे | रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे |
| 10:05 बजे | एयरपोर्ट से एम्स के लिए रवाना |
| 10:45 बजे | एम्स रायपुर पहुंचेंगे |
| 11:00 बजे | तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे |
| 12:20 बजे | दीक्षांत समारोह समाप्त |
| 12:35 बजे | एम्स से एयरपोर्ट के लिए रवाना |
| 1:15 बजे | रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे |
| 1:25 बजे | विशेष विमान से दिल्ली रवाना |


