बुधवार, 9 सितंबर 2026 बुध, 9 सित |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

सावधान! अब Work From Home के नाम पर हो रही साइबर ठगी; तीन आरोपी गिरफ्तार, 14 थानों में थे वांटेड

सावधान! अब Work From Home के नाम पर हो रही साइबर ठगी; तीन आरोपी गिरफ्तार, 14 थानों में थे वांटेड
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

रायपुर। Work From Home Jobs के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने खुलासा किया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों को महाराष्ट्र और राजस्थान से गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी देश के 14 थानों में वांटेड बताए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में जोधपुर निवासी उत्पल पंचारिया (21), सांगली निवासी रोहित बबन कौलगे (31) और श्रीनिवास राठी शामिल हैं।

मामला राखी थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित पारस कुमार धीवर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ऑनलाइन Work From Home Jobs के जरिए कमाई का झांसा देकर उनसे करीब 24 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम चैनलों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। टेलीग्राम चैनल से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र और राजस्थान में एक साथ दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इस तरह लेते थे झांसे में

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे टेलीग्राम पर चैनल बनाकर उसे प्रमोट करते थे। नए यूजर के जुड़ते ही गिरोह के कुछ सदस्य खुद को ग्राहक बताकर उनसे संपर्क करते और मुनाफे की बात करते थे। इससे लोग काम करने के लिए तैयार हो जाते थे।

शुरुआत में टास्क पूरा करने पर पीड़ितों को थोड़ी रकम ट्रांसफर की जाती थी, ताकि भरोसा बने। इसके बाद बड़े निवेश के लिए दबाव बनाया जाता था। जैसे ही बड़ी राशि ट्रांसफर होती, आरोपी पैसा अपने खातों में डाल लेते और पीड़ितों से संपर्क बंद कर देते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी की कुल राशि को लेकर आगे की जांच कर रही है।