Rudraram Eklavya School bad touch principal removed POCSO FIR: रुद्रारम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित बैड टच के मामले में कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को पद से हटा दिया। जांच प्रभावित न हो, इसलिए प्रभार वाइस प्राचार्य गुलाब सिंह को सौंपा गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान और कलेक्टर-एसपी को जांच निर्देश के बाद प्रशासन ने तेजी दिखाई। अब प्राचार्य की भूमिका और पूर्व शिकायतों की भी जांच होगी।
मामले में कंप्यूटर शिक्षक के खिलाफ POCSO एक्ट में FIR दर्ज है। आरोपी हरियाणा का रहने वाला बताया जा रहा है, जो 8 सितंबर को आखिरी बार विद्यालय में उपस्थित था, उसके बाद से फरार है। पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। उसकी नियुक्ति जून 2024 में कंप्यूटर साइंस शिक्षक के रूप में हुई थी।
छोटे-छोटे ग्रुप में बुलाकर पढ़ाने का आरोप
जांच में सामने आ रहा है कि आरोपी शिक्षक, छात्राओं को कंप्यूटर पढ़ाने के लिए दो-तीन के छोटे ग्रुप में अलग-अलग बुलाता था। एक शिक्षक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्टाफ को कभी अंदेशा नहीं हुआ कि ऐसे गंभीर आरोप लग सकते हैं। यह पहलू भी जांच में शामिल है, सच्चाई पुलिस जांच और साक्ष्यों से स्पष्ट होगी।
परिसर में 11 CCTV चालू, फिर भी निगरानी पर सवाल
विद्यालय परिसर में 11 CCTV कैमरे लगे हैं, प्रबंधन के अनुसार सभी चालू हैं। आवासीय परिसर में भी कैमरे हैं। ऐसे में घटना के समय के फुटेज, आरोपी की आवाजाही और छात्राओं के संपर्क की रिकॉर्डिंग अहम साक्ष्य बन सकती है। सवाल है कि कैमरों की निगरानी किस स्तर पर होती थी और रिकॉर्डिंग कितने दिन सुरक्षित रखी जाती है।
गर्ल्स आवासीय विद्यालय में शिकायत पेटी तक नहीं
सबसे गंभीर सवाल शिकायत व्यवस्था पर है। गर्ल्स आवासीय विद्यालय में शिकायत पेटी नहीं होने की बात सामने आई है। छात्राएं अपनी समस्या गोपनीय तरीके से कैसे पहुंचाएं, इसका कोई माध्यम स्पष्ट नहीं। इससे व्यवस्था पर बड़ा प्रश्न खड़ा होता है।
गेट पर आगंतुक पंजी, गार्ड तैनात, नए भवन में इसी सत्र शिफ्ट
मुख्य गेट पर आगंतुक पंजी और सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। अब जांच में देखा जाएगा कि आरोपी की आवाजाही का रिकॉर्ड पंजी में है या नहीं। विद्यालय इसी सत्र में नए भवन में शिफ्ट हुआ है, शिफ्टिंग के बाद व्यवस्थाएं बनने की प्रक्रिया चल रही थी, बेहतर सुरक्षा की उम्मीद थी पर घटना ने समीक्षा जरूरी कर दी।
34 शिक्षक-शिक्षिकाएं, महिला स्टाफ की भूमिका अहम
विद्यालय में कुल 34 शिक्षक-शिक्षिकाएं हैं — 22 नियमित और 12 अतिथि, जिनमें 18 पुरुष और 16 महिला स्टाफ हैं। पूरी तरह छात्राओं के लिए संचालित आवासीय संस्था में महिला स्टाफ की भूमिका काउंसलिंग और शिकायत सुनने में अहम है, पर व्यवस्था सवालों में है।
बहरहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कई राज खुलने की उम्मीद है।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. कहां का मामला?
बीजापुर रुद्रारम एकलव्य आवासीय विद्यालय, गर्ल्स हॉस्टल।
Q2. कार्रवाई क्या हुई?
प्राचार्य हटाए, प्रभार वाइस प्राचार्य गुलाब सिंह को, कंप्यूटर शिक्षक पर POCSO FIR।
Q3. आरोपी कहां है?
8 सितंबर से फरार, हरियाणा निवासी, पुलिस तलाश में।
Q4. सुरक्षा व्यवस्था क्या?
11 CCTV चालू होने का दावा, गेट पर आगंतुक पंजी और गार्ड, पर शिकायत पेटी नहीं।
Q5. विद्यालय में स्टाफ कितना है?
कुल 34 शिक्षक — 22 नियमित 12 अतिथि, 18 पुरुष 16 महिला, विद्यालय इसी सत्र नए भवन में शिफ्ट।



