CG Teacher Transfer: शिक्षकों के तबादले की व्यवस्था में अब बड़ा बदलाव किया जा रहा है। अब शिक्षकों को अटेंडेंस की तरह ही मोबाइल से ही ट्रांसफर के आवेदन की सुविधा दी जाएगी। अब शिक्षकों को डीईओ कार्यालय, संचालनालय या फिर मंत्री निवास के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने पोर्टल की व्यवस्था बनाई है, जिसकी शुरूआत जल्द ही की जाएगी।
दरअसल, शिक्षा विभाग ने अब शिक्षकों के ट्रांसफर की व्यवस्था में बदलाव करने के लिए पोर्टल (वेबसाइट) की व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। जिसके तहत शिक्षक अब ऑनलाइन पोर्टल में घर बैठे ही मोबाइल से आवेदन कर सकेंगे। सारी जानकारियां शिक्षकों को पोर्टल में ही भरनी पड़ेगी और इसके बाद उसका अनुमोदन होगा। वहीं, इस नई व्यवस्था से म्युचुअल ट्रांसफर की प्रक्रिया में लोगों को सीधे तौर पर सहूलियत होगी। जिसके तहत एक जिले से दूसरे जिले में जाने के इच्छुक शिक्षकों को सीधे तौर पर फायदा होता दिखाई दे रहा है। क्योंकि सभी शिक्षकों को पोर्टल पर ही जानाकरी दिखेगी कि कहां, कितने शिक्षक एक जिले से दूसरे जिले के लिए जाना चाह रहे हैं। हालांकि इस पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगाई गई है, लेकिन इसका खाका तैयार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद यह व्यवस्था प्रदेश के सभी शिक्षकों के लिए लागू की जाएगी।
यूडाइस के अनुसार शिक्षकों की संख्या
2025-26 में 1,86,139
2023-24 में 1,88,721
2024-25 में 1,88,578
(यूडाइस के आंकड़ों के अनुसार)
अभी ऑफलाइन डीईओ कार्यालय में आवेदन
वर्तमान में शिक्षकों को तबादले के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आवेदन करना होता है। जिसके बाद वहां से आवेदन संचालक कार्यालय के लिए भेजा जाता है। इसके बाद वहां से फाइल सचिव कार्यालय और फिर मंत्रालय में जाकर इस पर विचार किया जाता है और इसके बाद जाकर कहीं तबादला आदेश जारी किया जाता है।
जरूरतमंदों के लिए भी यही प्रक्रिया
जरूरतमंद शिक्षकों यानी कि बीमारी से ग्रसित लोगों को नियमानुसार जिला मुख्यालय या फिर जहां अच्छे इलाज की सुविधा हो वहां रखने का नियम है, लेकिन इसका भी पालन पूरी तरह से नहीं किया जाता है। ऐसे में जरूरतमंद शिक्षकों को भी इसी के जरिए आवेदन करना होगा और बीमारी से जुड़े दस्तावेज भी ऑनलाइन ही अपलोड करना होगा। इसमें किसी भी तरह का फर्जी प्रमाण पत्र भी यहां नहीं लगाया जा सकेगा। क्योंकि यह पब्लिक डोमेन में रहेगा और इसकी सत्यता की जांच भी आसानी से करवाई जा सकेगी।
चार से पांच स्कूलों का करना होगा चयन
ऑनलाइन पोर्टल में शिक्षकों को आवेदन करने के दौरान चार से पांच स्कूलों का चयन करना होगा। साथ ही शिक्षकों को आवेदन के दौरान ही डिजीटल सिग्नेचर करना होगा, जिससे शिक्षक ने ही आवेदन किया है या फिर नहीं इसकी सत्यता की पहचान की जा सकेगी। साथ ही ओटीपी के माध्यम से ही शिक्षकों की आवेदन प्रक्रिया पूरी हो पाएगी।
वरिष्ठ शिक्षकों को प्राथमिकता
इस नई व्यवस्था में तबादलों के इच्छुक सभी शिक्षक आसानी से आवेदन कर सकेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों के अनुसार इसमें वरिष्ठ शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी, यानी कि लंबे समय से एक ही जगह पर पोस्टेड शिक्षकों को ही प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसा नहीं कि किसी जगह पोस्टिंग मिलने के कुछ ही दिन बाद दोबारा से शिक्षक आवेदन कर लें।
जल्द ही शुरू की जाएगी नई व्यवस्था
इस नई व्यवस्था की शुरूआत करने की दिशा में काम चल रहा है। समीक्षा बैठक के दौरान इस पर चर्चा नहीं हो पाई थी। लेकिन इस नई व्यवस्था से निश्चित रूप से जरूरतमंद शिक्षकों को होने वाली समस्या और परेशानियों से बचाया जा सकेगा।
गजेंद्र यादव, मंत्री, स्कूल शिक्षा, छत्तीसगढ़



