Raipur News: कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को कथित तौर पर धमकाकर 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर अब पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। बुधवार को पुलिस ने शहर और शहर से बाहर कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन शोएब ढेबर का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों के घरों पर भी तलाश की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए गठित चार टीमों में एक एसीपी स्तर के अधिकारी के साथ दो थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें से दो टीमें शहर से बाहर आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जबकि दो टीमें शहर के भीतर उसके मकान और रिश्तेदारों के निवास की जांच कर रही हैं।
विदेशी सिम से मैसेज और वॉट्सऐप कॉल का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि शोएब ढेबर पर विदेशी सिम का इस्तेमाल कर आनंद कुकरेजा के बेटे को धमकाने का आरोप है। आरोप है कि उसे लारेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम का डर दिखाकर वॉट्सऐप कॉल और मैसेज किए गए और 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक दीवार में करीब 12 से 18 इंच का छेद भी मिला था। पुलिस इस बिंदु को भी जांच का हिस्सा मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
शनिवार को गिरफ्तारी, रविवार को मिली जमानत
जांच के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे शनिवार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद रविवार को उसे अवकाशकालीन अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी की जमानत अर्जी मंजूर कर उसे जमानत दे दी थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी से पूछताछ और जांच की कुछ कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी थी। इसी आधार पर पुलिस ने निचली अदालत से मिली जमानत के खिलाफ सेशन कोर्ट में अपील की।
सेशन कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति
पुलिस की अपील पर सेशन कोर्ट ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति दे दी। पुलिस के मुताबिक, जमानत के बाद शोएब ढेबर को दोबारा गिरफ्तार किए जाने की आशंका थी। इसके बाद उसके फरार होने की बात सामने आई। अब पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। आरोपी का मोबाइल नंबर बंद बताया जा रहा है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में पुलिस को परेशानी हो रही है।
रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर नजर
पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों के साथ-साथ उसके रिश्तेदारों के निवास पर भी पहुंच रही हैं। शहर से बाहर संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है। हालांकि, अब तक पुलिस को आरोपी की कोई पुख्ता लोकेशन नहीं मिली है।



