Surajpur Double Murder: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका और उनके 18 वर्षीय बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रवेश कुमार ने मोटर-पार्ट्स के कारोबार के लिए 20 लाख रुपये का कर्ज लिया था। कर्ज की किस्त चुकाने के लिए उसने शिक्षिका रजनी बरेठ से पैसे मांगे, लेकिन इनकार करने पर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वारदात का राज खुलने के डर से उनके बेटे सुजल बरेठ को भी मार डाला। आरोपी शिक्षिका की सहेली का पति है और उसका उनके घर आना-जाना था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले रजनी की हत्या घर के बाथरूम में की। फिर सुजल को बहाने से अपने साथ ले गया और सुनसान जगह पर उसकी हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
सड़क किनारे मिला 12वीं के छात्र का शव
10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान विश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र सुजल बरेठ (18) के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में मिली। इसके बाद पुलिस सुजल के घर पहुंची, जहां मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। उसकी मां रजनी बरेठ भी लापता थीं।
घर के बाथरूम में मिला मां का शव
पुलिस ने रिश्तेदारों की मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया। अंदर बाथरूम में रजनी बरेठ (40) का शव मिला। वह बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। करीब पांच साल पहले पति से तलाक के बाद वह अपने बेटे के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों के मोबाइल की लोकेशन की जांच की गई।
सहेली के पति पर कैसे पहुंचा पुलिस का शक
जांच के दौरान रजनी के स्कूल में पदस्थ एक अन्य महिला शिक्षिका के पति परवेश उर्फ प्रवेश कुमार (36) की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति रजनी के घर की ओर जाता दिखाई दिया था। जांच के दौरान संदिग्ध फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने 22 अक्टूबर को उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दोनों हत्याओं की बात स्वीकार की।
पैसे देने से इनकार पर रजनी की हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मोटर-पार्ट्स के कारोबार के लिए 20 लाख रुपये का कर्ज लिया था और उसे पैसों की जरूरत थी। उसे यह भी पता था कि रजनी ने करीब 19 लाख रुपये का कर्ज लिया है। आरोपी की पत्नी और रजनी एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं, इसी वजह से उसका रजनी के घर आना-जाना था। पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर की दोपहर प्रवेश पैदल रजनी के घर पहुंचा। शाम को रजनी ड्यूटी से लौटीं, जबकि सुजल ट्यूशन के लिए घर से निकल गया। इसी दौरान आरोपी ने रजनी से पैसे मांगे। उनके मना करने पर उसने झूमाझटकी की और उन्हें बाथरूम में खींच लिया। आरोप है कि उसने शैंपू की बोतल से उनके सिर पर वार किया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी।
बेटे को बहाने से कार में बैठाया
पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, आरोपी को डर था कि सुजल को घर में उसकी मौजूदगी के बारे में पता था और वह हत्या का राज खोल सकता है। इसलिए उसने सुजल को भी रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपी कथित तौर पर रजनी के घर जाने वाले रास्ते के तिराहे पर करीब तीन घंटे तक सुजल का इंतजार करता रहा। रात करीब 9 बजे सुजल के आने पर उसने उससे कहा कि उसकी मां उसके घर पर हैं। इसके बाद वह सुजल को कार में बैठाकर अंबिकापुर ले गया और उसे मैगी खिलाई।
जंगल में हत्या कर सड़क किनारे फेंका शव
पुलिस के अनुसार, रात में आरोपी सुजल को राईं जंगल की ओर ले गया। वहां उसने बाथरूम जाने के बहाने गाड़ी रोकी और सुजल के गले में स्टॉक कसकर उसे मारने की कोशिश की। सुजल ने भागने का प्रयास किया, तो आरोपी ने सड़क किनारे पड़े सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार किया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव कार में रखा और कालीघाट पहुंचकर ग्रामीण सड़क के किनारे फेंक दिया। अगले दिन सुजल का शव मिलने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ी और पुलिस आरोपी तक पहुंची।
मोबाइल, जेवर और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त
सूरजपुर के एसपी योगेश पटेल के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल, जेवर और अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस दोहरे हत्याकांड की जांच में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ अहम कड़ियां रहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



