Dilapidated government school buildings: छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की जर्जर व्यवस्था का खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। दुर्ग जिले में परीक्षा हॉल में पेपर लिख रहे बच्चों के ऊपर अचानक छत का प्लास्टर टूटकर गिर गया। हादसे में 3 छात्र घायल हो गए, जिसमें 10वीं की छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर पर गंभीर चोट आई है और 3 टांके लगे हैं।
यह पूरा हादसा रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाई स्कूल का है। कक्षा 10वीं की संस्कृत विषय की त्रैमासिक परीक्षा चल रही थी। क्लास में करीब 50 बच्चे बैठे थे, तभी छत का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिरा। अचानक हुए हादसे से परीक्षा कक्ष में चीख-पुकार मच गई।
घायल बच्चों को तुरंत जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां छात्रा द्रौपदी का इलाज जारी है।
जांच के लिए टीम रवाना
घटना की सूचना पर दुर्ग जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी विनोद सिंह ने बताया कि जांच दल को स्कूल भेजा गया। टीम स्कूल भवन की स्थिति और मरम्मत में लापरवाही की जांच करेगी।
गौरतलब है कि दुर्ग जिला, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव का गृह जिला है। मंत्री के गृह जिले में ही परीक्षा के दौरान बच्चों पर छत गिरने से सरकारी स्कूलों के रखरखाव और बच्चों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।



