बुधवार, 9 सितंबर 2026 बुध, 9 सित |
संस्करण:
अंतरराष्ट्रीय

Raipur: नेपाल बाढ़ में CG के 9 लापता लोगों की जानकारी आई सामने, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित लौटे रहे, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर

Raipur: नेपाल बाढ़ में CG के 9 लापता लोगों की जानकारी आई सामने, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित लौटे रहे, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Information on missing CG citizens: नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की लगातार जानकारी जुटा रही है।

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक प्रदेश से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति का पता चला है। इनमें 2 के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बिलासपुर और सरगुजा से जुड़े 2 नागरिकों के लापता होने की सूचना है।

मोनिका यादव और मंजू राय से परिजनों का संपर्क

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है।

वहीं बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी अब परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। प्रशासन उनके संबंध में उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन और आवश्यक समन्वय कर रहा है।

नेपाल बाढ़ में छत्तीसगढ़ की डॉक्टर लापता, कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं बीजेपी नेता की बेटी
नेपाल बाढ़ में छत्तीसगढ़ की डॉक्टर लापता, कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं बीजेपी नेता की बेटी

बिलासपुर और सरगुजा के 2 नागरिक अब भी लापता

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। उनके परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है।

सरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, भी नेपाल में लापता हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है।

रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित, लौट रहे हैं छत्तीसगढ़

राहत की खबर है कि रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

हर सूचना पर सरकार की नजर, अपील जारी

राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए हुए है।

FAQ: नेपाल बाढ़ में छत्तीसगढ़ के नागरिक

सवाल 1. नेपाल बाढ़ में छत्तीसगढ़ के कितने लोग फंसे हैं?

अब तक मिली जानकारी के अनुसार नेपाल बाढ़ और भूस्खलन में छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों की जानकारी सामने आई है।

सवाल 2. रायपुर के कितने लोग सुरक्षित हैं?

रायपुर के माना क्षेत्र के 5 नागरिक – दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर सुरक्षित हैं और रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

सवाल 3. अभी कौन-कौन लापता है?

बिलासपुर की 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी (फिनलैंड नागरिक) और सरगुजा की डॉ. मीना गुप्ता (UK नागरिक) अब भी लापता हैं। डॉ. मीना गुप्ता का अंतिम लोकेशन रसुवागढ़ी इमिग्रेशन, नेपाल-चीन सीमा है।

सवाल 4. मोनिका यादव और मंजू राय का क्या अपडेट है?

रायपुर की मोनिका यादव और बिलासपुर की मंजू राय चौधरी (65) के परिजनों से प्रशासन का संपर्क हो गया है और उनकी स्थिति पर जानकारी जुटाई जा रही है।

सवाल 5. सरकार क्या मदद कर रही है?

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है। जिला प्रशासन लगातार परिजनों के संपर्क में है।