नई दिल्ली। रायसीना डायलॉग के आठवें संस्करण में एक कार्यक्रम के दौरान अमेरिका के पूर्व रक्षा मंत्री जिम मैटिस ने कहा की यूक्रेन युद्ध से प्रोत्साहित होकर चीन भी भारत पर हमला कर सकता है। मैटिस ने कहा कि ‘यूक्रेन युद्ध पर चीन की बारीक नजर है और अगर रूस, यूक्रेन में सफल होता है तो इससे प्रोत्साहित होकर चीन भी एलएसी पर भारत पर हमला कर सकता है।’

दरअसल जिम मैटिस से सवाल किया गया था कि क्या चीन का सामना करने के लिए अमेरिका तैयार है? इसके जवाब में मैटिस ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि चीन तैयार है। उन्होंने कहा कि अमेरिका रूस के खिलाफ यूक्रेन की मदद जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि चीन इस पर नजर रखे हुए कि अगर रूस को यूक्रेन में सफलता मिली तो फिर चीन भारत के खिलाफ ऐसा क्यों नहीं कर सकता। मैटिस ने ये भी कहा कि यूक्रेन के खिलाफ रूस को तीन हफ्ते में जीत मिल गई होती लेकिन पश्चिमी देशों की मदद से यूक्रेन ने रूस को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया है।

See also  कलिंगा विश्वविद्यालय में एकता और उत्सव की एक शाम

परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर जिम मैटिस ने कहा कि हमने देखा कि बीते दिनों पुतिन ने इसे लेकर बयान दिया था लेकिन हमें परमाणु हथियारों को नियंत्रित करने वाली संधि पर फिर से बात करनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना के सीडीएस जनरल अनिल चौहान और ऑस्ट्रेलिया की सेना के जनरल एंगस जे कैंपबेल भी मौजूद रहे।

एक मजबूत भारत, दुनियाभर में शांति ला सकता है: जिम मैटिस

जिम मैटिस ने ये भी कहा कि एक मजबूत भारत, दुनियाभर में शांति ला सकता है। ऑस्ट्रेलियाई जनरल ने कहा कि रूस यूक्रेन युद्ध अवैध है और यह एक देश की संप्रभुता का उल्लंघन है। कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना के सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा कि लड़ाई से कई सीख मिलती हैं, सभी पूरी दुनिया पर लागू नहीं होती लेकिन हमें ये देखना है कि भारतीय परिपेक्ष में इसका क्या असर है। इस लड़ाई की सबसे बड़ी सीख ये है कि हमें आत्मनिर्भर होना पड़ेगा। भविष्य की लड़ाईयां छोटी होंगी।

See also  Weather Alert: प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर में चली तेज हवाएं, यहां जमकर हुई बारिश