Chhattisgarh Elections 2023: छत्तीसगढ़ में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने वाले है। कुछ महीने बाद राज्य में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो जाएगी। इसलिए राजनीतिक पार्टियों की तैयारी तेज हो गई है। अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) इसी महीने 13 अगस्त को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस की तैयारी तेज हो गई है। बता दें कि जांजगीर-चांपा जिले में 13 अगस्त को कांग्रेस ‘भरोसे का सम्मेलन’ आयोजित करने जा रही है, जिसमें शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे छत्तीसगढ़ आने वाले हैं।इसकी तैयारी पुलिस ग्राउंड जांजगीर में की जा रही है।

13 अगस्त को आयोजित होने वाला ‘भरोसे का सम्मेलन’ पार्टी के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत समेत छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।

कार्यक्रम की तैयारी में जिला प्रशासन जुटा हुआ है। आयोजन स्थल पर डोम बनाने का काम चल रहा है। जिले के स्थानीय कांग्रेस नेता आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक कर रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि भरोसा का सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पहली बार जांजगीर दौरे पर आ रहे हैं, ये गौरव की बात है।

See also  Good News: छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में कल नहीं मिले एक भी संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन

बता दें कि 2023 में विधानसभा और 2024 में लोकसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव होने में अब लगभग 3-साढ़े 3 महीने ही रह गए हैं, ऐसे में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे का दौरा अहम माना जा रहा है। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र में कुल 8 विधानसभा सीट है, जिनमें जांजगीर-चांपा, अकलतरा, पामगढ़, जैजैपुर, सक्ती, चंद्रपुर, सारंगढ़ और बिलाईगढ़ शामिल हैं।

दूसरी बार छत्तीसगढ़ आ रहे खड़गे
बता दें इस चुनावी साल में मल्लिकार्जुन खड़गे का ये दूसरी बार छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इससे पहले फरवरी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए कांग्रेस के सभी राष्ट्रीय नेता रायपुर आए थे। फरवरी महीने में नया रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ था। उस समय रायपुर के जोरा ग्राउंड में मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी ने चुनावी आगाज कर दिया था, लेकिन अब कांग्रेस चुनाव अभियान में तेजी से जुट गई है, तो माना जा रहा है अब लगातार कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं का छत्तीसगढ़ दौरा होने वाला है। वहीं कांग्रेस के पहले बीजेपी ने राज्य में अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है।

See also  कुसुम प्लांट हादसा : 40 घंटे से अधिक समय तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, मृतकों के परिवारों को मिलेगा मुआवजा