तीखी बहस पर न्यायाधीश ने आपत्ति जताई

भोपाल। मध्य प्रदेश के आगर जिले में एक अदालत कक्ष के अंदर एक वकील ने न्यायाधीश को निशाना बनाकर कथित तौर पर जूता फेंका। हालांकि, जज ने समय रहते झुककर खुद को चोट से बचा लिया।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को आगर जिले की एक अदालत में हुई, जब न्यायाधीश एक मामले की सुनवाई कर रहे थे। इस बीच, दो अलग-अलग पक्षों का प्रतिनिधित्व करने वाले दो वकीलों के बीच तीखी बहस होने लगी, जिस पर न्यायाधीश ने आपत्ति जताई।

इससे गुस्साए वकील नितिन अटल, जो पहले से ही अपने प्रतिद्वंद्वी के साथ बहस में लगे हुए थे, उन्होंने अचानक अपना जूता निकाला और न्यायाधीश की ओर फेंक दिया।

हालांकि, न्यायाधीश समय रहते खुद को बचाने के लिए नीचे झुक गए। बाद में जज ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी और नितिन अटल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “आरोपी पर आईपीसी की धारा 332, 353, 294 और 504 के तहत मामला दर्ज किया गया है।”

See also  बिना रिचार्ज के भी चलता रहेगा BSNL का मोबाइल

हालांकि, आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर आगर जिला कलेक्टर और एसपी कोर्ट पहुंचे।

आगर और शाजापुर जिला अदालत में प्रैक्टिस करने वाले नितिन अटल कथित तौर पर पहले भी न्यायाधीशों के साथ झगड़ते रहे हैं। मामले से वाकिफ सूत्रों ने बताया कि राजनेताओं से करीबी रिश्‍ता रखने वाला नितिन अटल कोर्ट के कर्मचारियों के साथ अक्सर दुर्व्यवहार करता रहा है।