नेशनल डेस्क। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को लोकसभा में अपना सातवां बजट पेश किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बजट को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला बताया और देशवासियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को शक्ति देगा और गांव, गरीब, किसान को समृद्धि की राह पर ले जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और यह बजट नौजवानों को अनगिनत नए अवसर प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि यह बजट जनजातीय समाज और पिछड़ों को सशक्त करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। महिलाओं की आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित करने और छोटे व्यापारियों व लघु उद्योगों की प्रगति के लिए यह बजट नए रास्ते खोलेगा। उन्होंने कहा कि उत्पादन और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर देने से आर्थिक विकास को नई गति और निरंतरता मिलेगी।

पीएम मोदी ने कहा, “रोजगार और स्वरोजगार के लिए अभूतपूर्व अवसर बढ़ाना हमारी सरकार की पहचान रही है, आज का बजट इसे और सुदृढ़ करता है। इस बजट में सरकार ने रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन स्कीम की घोषणा की है, इससे देश में करोड़ो नए रोजगार बनेंगे, इससे जीवन में पहली नौकरी पाने वाली युवा की पहली तन्ख्वाह हमारी सरकार देगी। कौशल विकास और उच्च शिक्षा के लिए मदद हो या फिर 1 करोड़ नौजवानों को इंटर्नशिप योजना से गांव, गरीब के नौजवान देश की टॉप कंपनियों में काम करेंगे। हमें हर शहर, हर गांव, हर घर उद्यमी बनाना है, इसी उद्देश्य से मुद्रा लोन की लिमिट को बढ़ाकर 10 लाख से 20 लाख किया गया है। “

See also  छत्तीसगढ़ हुआ 19 साल का। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हम सब मिलकर भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाएंगे। इस बजट में लघु उद्योगों के लिए ऋण की आसानी बढ़ाने वाली नई योजनाओं का ऐलान किया गया है। विनिर्माण और निर्यात पारिस्थितिकी तंत्र को हर जिले तक ले जाने के लिए बजट में अहम घोषणा की गई है। यह बजट स्टार्टअप, नवप्रवर्तन पारिस्थितिकी तंत्र के लिए ढेर सारे नए अवसर लेकर आया है।”