कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के लोहारीडीह कांड मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जेल में बंद कैदियों से मुलाकात की। उन्होंने कैदियों का हाल-चाल पूछा और सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्दोष ग्रामीणों को बिना विवेचना के गिरफ्तार किया गया है। बता दें आगजनी हत्याकांड में पुलिस ने 69 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया था जिनमें 33 महिला और 36 पुरुष शामिल थे।

वहीं कुछ दिन पहले कवर्धा जेल में प्रशांत साहू की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति की स्थिति खराब होने के चलते रायपुर अम्बेडकर हॉस्पिटल में एडमिट है। पूर्व सीएम ने जेल में कैदियों से मुलाकात करने के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान सरकार को घेरते हुए कहा कि बगैर विवेचना के जल्दबाजी में पुलिस ने ग्रामीणों को जबरन घर से निकालकर जेल भेजा है। दूसरी ओर जिनकी गिरफ्तारी हुई है उनकी जानकारी तो सरकार को है लेकिन गांव से गायब लोगों की जानकारी सरकार नहीं बता रही है।

See also  Lok Sabha Elections 2024 : पूर्व CM भूपेश बघेल इस लोकसभा सीट से बनाए गए सीनियर आब्जर्वर

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने जेल में बंद प्रशांत साहू की मौत के मामले में एसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों पर FIR दर्ज की मांग की है। वहीं जेल में कैदियों से मिलने पहुंचे बघेल के साथ दलेश्वर साहू विधायक डोंगरगांव, इन्द्रशाह मंडावी विधायक मोहला मानपुर,खुज्जी विधायक भोलाराम साहू,जिलाध्यक्ष होरीराम साहू सहित जिला पंचायत सदस्य तुकाराम साहू मौजूद थे।