रायपुर। लोहारीडीह, हसदेव जंगल कटाई और भाजपा नेता की नोटों के साथ रील्स के मामले में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार को घेरा है। लोहारीडीह के मामले में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की पुलिस ने शिवप्रसाद उर्फ कचरू साहू की हत्या के मामले में चार लोगों की गिरफ्तार किया है। मध्यप्रदेश पुलिस ने यह माना कि कचरू साहू की हत्या हुई थी। इस प्रकरण में यह साफ हो गया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने लापरवाही बरती थी, उसने हत्या को आत्महत्या बताने का षड़यंत्र रचा जिसके परिणाम स्परूप लोहारीडीह में जन आक्रोश भड़का और रघुनाथ साहू को उसके घर में जिंदा जला कर मार डाला गया।

दीपक बैज ने कहा कि रघुनाथ साहू की हत्या के बाद पुलिस की कार्यवाही और पुलिस की कस्टडी में तथा पुलिस की मारपीट से प्रशांत साहू की मौत हो गई। वहीं, पुलिस की लापरवाही से लोहारीडीह में तीन लोगों की जान चली गई। इस मॉब लीचिंग की घटना के लिए गृहमंत्री और पुलिस के अधिकारी जिम्मेदार है। पुलिस प्रशासन ने अपनी नाकामी पर पर्दा करने के लिए गांव के 167 सहित अन्य लोगों को अपराधी बनाकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।

See also  कांग्रेस ने बनाया विधानसभावार पदयात्रा प्रभारी, विधायक करेंगे अपने अपने क्षेत्र में पदयात्रा की अगुवाई

कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि हमने पहले भी कहा था ये आत्महत्या नहीं हत्या थी, यह मध्य प्रदेश पुलिस ने साबित कर दिया। गृह मंत्री और छत्तीसगढ़ पुलिस ने इस मामले को क्यों दबाया? आखिर पोस्टमार्टम रिपोर्ट कैसे बदला गया, इसका जिम्मेदार कौन है? सरकार की कई नाकामियों को दबाने प्रशासन ने विभाग को दांव पर लगा दिया। सरकार बताए इस मामले में लीपापोती क्यों की गई? किसके इशारे पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदली गई? दो परिवार को बर्बाद करने का जिम्मेदार कौन? मध्य प्रदेश की पुलिस छत्तीसगढ़ आकर आरोपियों को ले जाती है लेकिन यहां की पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश करती है।

सरकार के इशारे पर हसदेव में कट रहे जंगल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हसदेव में जंगल कटाई तथा आदिवासियों पर लाठीचार्ज मामले में कहा कि “आदिवासी मुख्यमंत्री के राज में आदिवासी प्रताड़ित है। भाजपा सरकार बनने के बाद सरकार की सांठगांठ से हसदेव में जंगल की कटाई का काम लगातार जारी है। जनभावनाओं के अनुरूप पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने हसदेव में कटाई पर रोक लगाया था तथा इस संबंध में आवंटित खदान को निरस्त करने केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा था। हसदेव में जंगल कटाई का विरोध कर रहे ग्रामीणों, आदिवासियों पर सरकार के इशारे पर लाठीचार्ज किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। कांग्रेस इस हमले की कड़ी निंदा करती है।”

See also  फिर बदला मौसम का मिजाज, राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश के बाद ठंड बढ़ी

बेरोजगार भाजपा नेता के पास लाखों रुपए कहां से आए, जांच हो

भाजपा नेता की नोटों के साथ रील पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का काला खेल तेजी से बढ़ा है। भाजपा के बड़े नेता से लेकर मंडल स्तर तक के नेता अवैध उगाही में लगे हुए हैं। भानुप्रतापपुर के मंडल अध्यक्ष बेरोजगार आकाश सोलंकी अपनी कार में लाखों रुपए की नोट की गड्डी रखकर रील बनाते हैं। यह सरकार का भ्रष्टाचार का नमूना है। आखिर बेरोजगार युवक के पास इतना पैसा आया कहां से, राज्य सरकार को इसकी जांच करनी चाहिए और आयकर विभाग इसे संज्ञान में ले। जबकि आम नागरिक अपने साथ 2 लाख रुपए से अधिक की नगद राशि रखकर यात्रा नहीं कर सकते हैं। ऐसे में क्या भाजपा नेताओं को लाखों रुपए रखकर सफर करने की विशेष छूट दी गई है?