नेशनल डेस्क। भारतीय क्रिकेट में एक ऐतिहासिक अध्याय खत्म होने जा रहा है। विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास के बाद अब टीम इंडिया एक नई शुरुआत की दहलीज पर खड़ी है। इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले शनिवार को नए टेस्ट कप्तान का ऐलान किया जाएगा, जिसके साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के नए चक्र की भी शुरुआत होगी।

कप्तानी की रेस में सबसे आगे…

इंग्लैंड दौरे के साथ ही विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के नए चक्र का आगाज होगा। रोहित शर्मा के बाद टीम इंडिया का टेस्ट कप्तान कौन? सभी के मन में यही सवाल है। 25 साल के शुभमन गिल कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे हैं।

बुमराह इसलिए पिछड़े

ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे पर जसप्रीत बुमराह उपकप्तान थे और उन्हें ही कप्तानी सौंपी जानी चाहिए थी लेकिन उनके मामले में कुछ बातें खिलाफ जा रही हैं। बुमराह फिटनेस और कार्यभार प्रबंधन को देखते हुए टेस्ट कप्तानी की दौड़ में पिछड़ सकते हैं।

See also  IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबल कल, मैच से पहले शुभमन गिल की फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट, देखें​ डिटेल्स

ऋषभ पंत हो सकते हैं उपकप्तान

ऋषभ पंत आईपीएल में पूरी तरह से नाकाम रहे लेकिन टेस्ट प्रारूप में बदलाव के दौर से गुजरने जा रही भारतीय टीम का वह अभिन्न अंग होंगे। उन्हें उपकप्तान बनाया जा सकता है।

टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव नहीं, लेकिन…

कप्तान के अलावा टीम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। विराट और रोहित के जाने से खालीपन पैदा हुआ है जिससे केएल राहुल जैसे बल्लेबाजों से उम्मीदें बढ जाएंगी। राहुल और यशस्वी जायसवाल 20 जून से लीड्स में शुरू हो रहे पहले टेस्ट में पारी का आगाज कर सकते हैं। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले साई सुदर्शन रिजर्व सलामी बल्लेबाज हो सकते हैं।

अब देखना यह है कि अतिरिक्त विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर करूण नायर, सरफराज खान या श्रेयस अय्यर में से किसी को चुना जाता है क्या।

रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद रविंद्र जडेजा प्रमुख स्पिनर होंगे लेकिन यह भी देखना होगा कि इंग्लैंड के हालात को देखते हुए क्या दो या तीन स्पिनरों को उतारा जा सकता है।

See also  IND vs ENG 1st ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे आज, जानें कहां कितने बजे खेला जाएगा मैच

अगर दो को चुना जाता है तो वॉशिंगटन सुंदर को कुलदीप यादव पर तरजीह मिल सकती है। विकेटकीपिंग में पंत पहली पसंद होंगे और रिजर्व के तौर पर ध्रुव जुरेल को चुना जा सकता है।

बुमराह और शमी के फिटनेस को लेकर चिंता
तेज गेंदबाजी में बुमराह क्या पांच मैचों तक फिट रह पाएंगे, यह एक सवाल है। मोहम्मद शमी की फिटनेस को लेकर भी संदेह है। मोहम्मद सिराज तीसरे तेज गेंदबाज होंगे लेकिन अगर पांच तेज गेंदबाजों को चुना जाता है तो प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अर्शदीप सिंह चुने जा सकते हैं।