बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में एक महीने के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद कल 9 जून, सोमवार से फिर से कामकाज शुरू हो रहा है, लेकिन इस बार माहौल थोड़ा अलग रहेगा, क्योंकि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोर्ट प्रशासन ने सतर्कता बरतने की एडवाइजरी जारी की है।

हाईकोर्ट के प्रभारी रजिस्ट्रार जनरल खिलावन राम रिगरी ने सभी वकीलों, पक्षकारों, कोर्ट स्टाफ और अन्य आने-जाने वालों के लिए कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि कोर्ट परिसर में मास्क, स्कार्फ या रूमाल से मुंह ढक कर ही आएं, सैनिटाइजर का नियमित उपयोग करें, कोर्ट परिसर में भीड़ न लगाएं तथा अनावश्यक जमावड़े से बचें।

बता दें कि देश के कई हिस्सों की तरह अब छत्तीसगढ़ और बिलासपुर में भी कोरोना के नए मामले आने लगे हैं। हाईकोर्ट में सोमवार से नियमित बेंचों की सुनवाई फिर शुरू हो रही है। इससे कोर्ट परिसर में वकीलों, मुवक्किलों और सरकारी अधिकारियों की आवाजाही बढ़ने वाली है। इसलिए पहले से ही सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। महाधिवक्ता कार्यालय और अन्य विभागों में भी सोमवार से कामकाज शुरू हो जाएगा। ऐसे में हाईकोर्ट प्रशासन नहीं चाहता कि किसी तरह की लापरवाही से संक्रमण का खतरा बढ़े।

See also  छत्तीसगढ़ बजट 2023: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भत्ता 6500 से बढ़ाकर 10 हजार, युवाओं को 2500 रु बेरोजगारी भत्ता