रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के परिणामों में राज्य के तीन शहरों ने विभिन्न जनसंख्या श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा स्वच्छ राज्य के 7 नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इन विजेता नगरीय निकायों को पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया।

कौन-कौन से निकाय हुए सम्मानित?

  • बिल्हा नगर पंचायत (20 हजार से कम आबादी) – देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया।
  • बिलासपुर नगर निगम (3 लाख से 10 लाख आबादी) – देश का दूसरा सबसे साफ शहर बना।
  • कुम्हारी नगर पालिका (20-50 हजार आबादी) – देश में तीसरा सबसे स्वच्छ शहर।
  • रायपुर नगर निगम – मिनिस्ट्रियल अवॉर्ड मिला राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए।
See also  बस्तर पहुंची छापे की आंच, जगदलपुर में खनिज विभाग के DDM नाग के यहां IT का छापा

सुपर स्वच्छता लीग की शुरूआत
स्वच्छता के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन करने वाले शहरों को मान्यता देने के लिए स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के अंतर्गत इस बार सुपर स्वच्छता लीग (एसएसएल) की एक विशेष श्रेणी की शुरूआत हुई। इस लीग में उन शहरों को शामिल किया गया है जो पिछले तीन वर्षों में कम से कम एक बार शीर्ष तीन में रहे हों और जो चालू वर्ष के स्वच्छ सर्वेक्षण मूल्यांकन में अपनी संबंधित जनसंख्या श्रेणी में शीर्ष 200 में बने हुए हैं।


इस कैटेगरी में छत्तीसगढ़ के इन 3 नगरीय निकायों का चयन

  • अंबिकापुर नगर निगम (50 हजार से 3 लाख की आबादी)
  • पाटन नगर पंचायत (20 हजार से कम आबादी)
  • बिश्रामपुर नगर पंचायत (20 हजार से कम आबादी)