टीआरपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मिलक थाना क्षेत्र से एक बेहद अमानवीय और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक पिता ने अपने ही 8 महीने बेटे को उल्टा लटकाकर पूरे गांव में घुमाया। इस शर्मनाक करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

जानें क्या हुआ था ?

पीड़िता ने बताया की उसकी शादी साल 2023 में हुई थी और तब से ही उसे ससुरालवालों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। पति सहित ससुराल के सभी सदस्य 2 लाख रुपए नगद और कार की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर पति ने 8 महीने के मासूम बेटे को उल्टा लटकाकर 4 बार पूरे गांव में घुमाया। वीडियो में देखा गया कि वह खुद ग्रामीणों से कह रहा है कि इसका वीडियो बनाओ।

पीड़िता ने कहा, “अब मेरे पास पैसे नहीं हैं, तो मैं कहां से दूं? मेरे बच्चे की तबीयत बहुत खराब हो गई है, मैं इलाज करवा रही हूं। मैं चाहती हूं कि मेरे पति और उसके पूरे घर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।”

See also  नगर निगम में बवाल: "काले कपड़े पहनकर किसका विरोध कर रही भाजपा?" - नेता प्रतिपक्ष ने दागे 5 तीखे सवाल

पुलिस की कार्रवाई से लोग नाराज़

थाना मिलक खानम की प्रभारी निशा खटाना ने जानकारी दी कि आरोपी पति के खिलाफ धारा 151 के तहत चालान किया गया है और मामला परामर्श केंद्र को भेजा गया है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी है और सवाल उठ रहे हैं कि इतनी गंभीर और अमानवीय हरकत पर सिर्फ 151 में चालान क्यों किया गया।

पीड़िता को न्याय की आस

घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पीड़िता ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है और कहा है कि वह गरीब है और उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

कठोर कार्रवाई की हो रही मांग

सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय सामाजिक संगठनों का कहना है कि एक मासूम की जान के साथ इस हद तक खिलवाड़ करने वाले आरोपी को सिर्फ परामर्श केंद्र भेज देना और धारा 151 में चालान करना न्याय की अनदेखी है। लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी पर कठोर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी गलती न दोहराए।

See also  Inside Story: महाराष्ट्र में सरकार नहीं बनाने के पीछे बीजेपी का ये बड़ा गेम

यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि हमारी सामाजिक चेतना पर भी सवाल खड़े करती है। जब तक ऐसी दरिंदगी पर कठोर और त्वरित कार्रवाई नहीं होती, तब तक दहेज जैसी सामाजिक कुप्रथा के चलते महिलाओं को मुसीबतों को सामना करते रहना पड़ेगा।