स्पोर्ट्स डेस्क। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 में सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो चुकी हैं। इसमें भारत के अलावा पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें शामिल हैं। पहला सेमीफाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच होना है, वहीं दूसरा सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा।

बता दे टूर्नामेंट के लीग स्टेज के मुकाबले में भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया था। ऐसे में कल खेले जाने वाले सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर संशय सभी भी बरकरार है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि, अगर ये मुकाबला नहीं होता है तो किस टीम का फायदा होगा।

पाकिस्तान ने लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले स्थान पर कब्जा किया, वहीं भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही, और सिर्फ एक मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना पाई। अगर भारतीय खिलाड़ी एक बार फिर मैदान में उतरने से मना करते हैं, तो पाकिस्तान को वॉकओवर मिल सकता है और वो बिना खेले ही फाइनल में पहुंच जाएगा। ऐसे में भारत की टूर्नामेंट से छुट्टी तय मानी जा रही है।

See also  IND vs SA 2nd Test : पहले दिन का खेल खत्म, दक्षिण अफ्रीका ने बनाए 247 रन, भारतीय गेंदबाजों ने हासिल किए इतने विकेट…

स्पॉन्सर ईज माई ट्रिप ने जताया विरोध
इस विवाद के बीच एक और बड़ा झटका टूर्नामेंट को तब लगा जब मुख्य प्रायोजक EaseMyTrip ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया। कंपनी के सह-संस्थापक निशांत पिट्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस फैसले की जानकारी दी और इसका कारण भारत-पाकिस्तान विवाद से जुड़ा नैतिक और भावनात्मक दृष्टिकोण बताया। उन्होंने ट्वीट किया कि, “हमने हमेशा देश के साथ खड़े रहने को प्राथमिकता दी है। कुछ निर्णय भावनात्मक होते हैं, लेकिन ज़रूरी भी।”

हालांकि अभी तक भारतीय टीम या खिलाड़ियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन क्रिकेट प्रेमी इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि क्या उन्हें बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखने को मिलेगा या नहीं। अब देखना होगा कि भारत मैदान पर उतरता है या पाकिस्तान को बिना बल्लेबाजी के फाइनल का टिकट मिल जाता है।