नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 5 अगस्त को कक्षा 10वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है। लंबे इंतज़ार के बाद आए इन नतीजों में कुल 48.68 प्रतिशत छात्रों को सफलता मिली है। इस बार भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है।
कुल 1,43,648 छात्रों ने सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 1,38,898 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 67,620 छात्र सफल घोषित किए गए हैं। बोर्ड ने यह जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर साझा की है।
परीक्षा में शामिल छात्र अब अपना रिजल्ट cbse.gov.in या results.cbse.nic.in पर जाकर ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड नंबर की जरूरत होगी। मार्कशीट डाउनलोड करने का विकल्प भी पोर्टल पर उपलब्ध है।
इस बार की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर रहा। जहां लड़कों का पास प्रतिशत 47.41 रहा, वहीं लड़कियां 51.04 प्रतिशत के साथ आगे रहीं। यानी लड़कियां 3.63 फीसदी अधिक पास हुईं।
सीबीएसई 10वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा इस वर्ष देशभर में 970 परीक्षा केंद्रों और विदेशों के 26 देशों में आयोजित की गई थी। कुल 15,495 स्कूलों के छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए।
अब सवाल यह कि पास होने के बाद मार्कशीट कहां से मिलेगी? बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि नियमित छात्रों की मार्कशीट उनके संबंधित स्कूलों में भेजी जाएगी, जबकि निजी छात्रों को यह पासिंग सर्टिफिकेट उनके परीक्षा केंद्र या पते पर डाक के जरिए भेजा जाएगा।
जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे 8 अगस्त से अंकों के पुनर्मूल्यांकन (verification) के लिए आवेदन कर सकते हैं।


