टीआरपी डेस्क। बिहार के समस्तीपुर जिले में ऐसा मामला सामने आया है जिसने ऑनलाइन सिस्टम की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोहिउद्दीन नगर अंचल में किसी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोटो लगाकर निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर दिया है।
आवेदन में क्या-क्या था ‘फर्जी’?
नाम: डोनाल्ड जान ट्रंप
पता: हसनपुर गांव, पोस्ट बाकरपुर, थाना मोहिउद्दीन नगर
फोटो: अमेरिकी राष्ट्रपति की असली तस्वीर
आधार कार्ड, बारकोड और एड्रेस में भी छेड़छाड़
यह ऑनलाइन आवेदन 29 जुलाई को आवेदन क्रमांक BRCCO/2025/17989735 के तहत प्राप्त हुआ था। जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद 4 अगस्त को सीओ ब्रजेश द्विवेदी ने इसे अस्वीकृत कर दिया और अब साइबर थाना में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पहले भी बना है सिस्टम का मजाक
बिहार में यह पहली बार नहीं हो रहा कि किसी ने सरकारी सिस्टम का मजाक बनाते हुए ऐसा आवेदन भेजा हो। पहले भी बिहार सरकार के अन्य विभागों में ऐसे आवेदन पहुंच चुके हैं। लेकिन ऐसे आवेदन सरकारी तंत्र से छेड़छाड़ का बड़ा उदाहरण है, जिसपर सख्त कार्रवाई अनिवार्य है।
- पटना: डाग बाबू (कुत्ता) के नाम पर आवास प्रमाणपत्र
- मधुबनी: कुत्ते के नाम पर ऑनलाइन आवेदन
- पूर्वी चंपारण: सोनालिका ट्रैक्टर के नाम से आवेदन
यह मजाक नहीं, IT एक्ट का उल्लंघन
अंचलाधिकारी ब्रजेश द्विवेदी के अनुसार, “यह एक जानबूझकर किया गया साइबर अपराध है, जो सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) का उल्लंघन है। इसकी जांच के लिए समस्तीपुर साइबर थाना को पत्र भेजा गया है।”
इस घटना ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि डिजिटल इंडिया के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा भी जरूरी है। चाहे वह सरकारी पोर्टल हो या यूजर का डेटा, सभी को सुरक्षित रखना अब चुनौती बनता जा रहा है।



