टीआरपी डेस्क। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गई हैं। नदिया जिले में एक पत्रकार के सवाल पर उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
शुक्रवार को जब महुआ मोइत्रा से राज्य में अवैध घुसपैठ को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने केंद्र सरकार की नीति और बॉर्डर सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री खुद यह मानते हैं कि देश में घुसपैठ हो रही है और इसका असर जनसांख्यिकी पर पड़ रहा है, तो इसके लिए जिम्मेदार गृह मंत्रालय को ठहराया जाना चाहिए।
मोइत्रा ने कहा- घुसपैठी हमारी मां-बहनों पर नजर डाल रहे हैं, हमारी जमीनें छीन रहे हैं, तो पहले आपको अमित शाह का सिर काट कर टेबल पर रख देना चाहिए। महुआ मोइत्रा ने यह भी कहा कि अगर सीमाओं की सुरक्षा नहीं हो पा रही है, तो इसके लिए ज़िम्मेदार एजेंसियों पर सवाल उठना लाज़मी है। उन्होंने दावा किया कि सीमा सुरक्षा बल (BSF), जो गृह मंत्रालय के तहत काम करता है, उसकी भूमिका भी इस मामले में अहम है।
अमित शाह को लेकर की गई टिप्पणी पर बीजेपी की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। कृष्णानगर के कोतवाली थाने में स्थानीय निवासी और बीजेपी समर्थक संदीप मजूमदार ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी का कहना है कि यह बयान न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि देश के संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान भी है। वहीं महुआ मोइत्रा की ओर से अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


