टीआरपी डेस्क। अफगानिस्तान में पाकिस्तानी एयर स्ट्राइक और अफगान क्रिकेट बोर्ड (ACB) द्वारा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ उठाए गए कदम ने भारत में राजनीतिक बहस छेड़ दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्ट्राइक के तुरंत बाद ACB ने नवंबर में पाकिस्तान के साथ होने वाली ट्राई-नेशन टी20 सीरीज रद्द कर दी।

इस घटनाक्रम पर शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने BCCI और भारत सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि खेलों से ज्यादा देश की सुरक्षा और प्राथमिकताओं को महत्व दिया जाना चाहिए। चतुर्वेदी ने अफगान क्रिकेटर राशिद खान की एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, पाकिस्तानी सत्तातंत्र कायरों से बना है जो अपने निर्दोष पीड़ितों के खून पर पलते हैं और सीमाओं पर पिटते हैं। शर्म आनी चाहिए उन पर। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा पाकिस्तान के साथ अपनी सीरीज रद्द करने का फैसला अच्छा है। शायद बीसीसीआई और भारत सरकार खेलों से ज्यादा देश को प्राथमिकता देने के टिप्स ले सकें।

See also  हरियाणा में सियासी हलचल हुई तेज, कांग्रेस ने राज्यपाल से मांगा समय

प्रियंका ने उम्मीद जताई कि श्रीलंकाई टीम भी अफगानिस्तान के साथ एकजुटता दिखाते हुए इस सीरीज से हट जाएगी। उन्होंने याद दिलाया कि 2009 में पाकिस्तान दौरे के दौरान श्रीलंकाई टीम पर आतंकवादियों ने हमला किया था। उन्होंने कहा कि अन्य एशियाई टीमें भी पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखा सकती हैं।

प्रियंका ने साफ किया कि उनकी टिप्पणियां राजनीति के लिए नहीं हैं, बल्कि आतंकवाद और जान गंवाने वालों के लिए हैं। उन्होंने कहा खेलों से राजनीति को दूर रखें… एक ऐसी बात है जिसे सरकार और बीसीसीआई के समर्थक बड़ी आसानी से उछाल देते हैं। यह राजनीति नहीं, बल्कि आतंकवाद का मामला है। एक दुष्ट राष्ट्र की वजह से जानें जाती हैं, परिवार प्रभावित होते हैं, अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है, देश को यह सब झेलना पड़ता है। इसलिए यह राजनीति को बाहर रखने की बात नहीं, बल्कि आतंकवाद को बाहर रखने की बात है।