टीआरपी डेस्क। कांकेर जिले के आमाबेड़ा में हुई हिंसा और कथित धर्मांतरण के विरोध में छत्तीसगढ़ के सर्व समाज ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए 24 दिसंबर को प्रदेश बंद का आह्वान किया है। बंद का असर राजधानी रायपुर में सुबह से ही देखने को मिल रहा है। स्कूल, दुकानें और कई व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं।

इस बंद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित राज्य के अनेक व्यापारिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों का समर्थन प्राप्त है। बंद का प्रभाव प्रदेश के कई जिलों में रहने की संभावना है। बाजार, दुकानें और निजी संस्थान बंद रहेंगे, जबकि अस्पताल, मेडिकल स्टोर और आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी।

इससे एक दिन पहले रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में समाज प्रमुखों ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। प्रतिनिधियों ने कहा कि 15 से 18 दिसंबर के बीच आमाबेड़ा में हुई हिंसा के दौरान हिंदू जनजातीय समाज को निशाना बनाया गया, लेकिन प्रशासन की ओर से निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई।

See also  Transfer : पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 24 पुलिसकर्मी हुए इधर से उधर, देखें लिस्ट

समाज प्रमुखों ने पुलिस और प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए ईसाई धर्मांतरण को सामाजिक ताने-बाने के लिए खतरा बताया और न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि आगे प्रत्येक जिले में समाज की बैठकें आयोजित की जाएंगी और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।