टीआरपी डेस्क। बांग्लादेश के फरीदपुर में लोकप्रिय गायक जेम्स के कॉन्सर्ट पर शुक्रवार रात उग्र भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें करीब 20 लोग घायल हो गए। कार्यक्रम रात 9 बजे शुरू होना था, लेकिन हमलावरों ने स्थल पर घुसकर ईंट-पत्थर फेंके। विरोध के बावजूद स्थिति बिगड़ने पर कॉन्सर्ट रद्द कर दिया गया। जेम्स बांग्लादेश के प्रसिद्ध गायक-गीतकार एवं गिटारवादक हैं तथा बॉलीवुड फिल्मों में भी गाने गा चुके हैं।
निर्वासित लेखिका तस्लीमा नसरीन ने एक्स पर घटना का वीडियो साझा कर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक केंद्र छायानाट एवं उदिची को जला दिया गया। जिहादियों के कारण कलाकार बांग्लादेश नहीं आ रहे। उस्ताद अलाउद्दीन खान के पोते सिराज अली खान ढाका आए लेकिन बिना प्रदर्शन किए लौट गए। उस्ताद राशिद खान के पुत्र अरमान खान ने भी निमंत्रण ठुकरा दिया।
शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद हिंसा बढ़ी है। अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस पर नियंत्रण न कर पाने का आरोप है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा कि उनके जाने के बाद अराजकता बढ़ी तथा अल्पसंख्यकों पर हमले चिंताजनक हैं। हिंसा सामान्य हो गई है, जो देश को अस्थिर कर रही है तथा पड़ोसी संबंधों को प्रभावित कर रही है। 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनाव से पूर्व कट्टरपंथी नेता की हत्या के बाद हमले बढ़े हैं।


