रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति को शब्द और पहचान देने वाली कॉफी टेबल बुक ‘ADHYAAY – The Women Who Lead’ का भव्य विमोचन रायपुर स्थित श्रीराम बिजनेस पार्क में आयोजित COSMO Expo के दौरान हुआ। यह सिर्फ एक किताब नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और सफलता से लिखी गई उन कहानियों का संकलन है, जिन्होंने समाज की सोच को बदला है।

पुस्तक का विमोचन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से हुआ। इस मौके पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सेवानिवृत्त IFS अधिकारी राकेश चतुर्वेदी, COSMO और Rotary संगठन के पदाधिकारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

25 साल के छत्तीसगढ़ की 25 प्रेरक कहानियां

The Rural Press (TRP) द्वारा प्रकाशित यह कॉफी टेबल बुक छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तैयार की गई है। इसमें प्रदेश की 25 महिला उद्यमियों की यात्राओं को संजोया गया है, जिन्होंने सीमित संसाधनों, सामाजिक चुनौतियों और कई बाधाओं के बावजूद अपनी अलग पहचान बनाई।

See also  कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा : राष्ट्रगान की जगह बजे गीत और गजल 

सम्मान हौसले का

कार्यक्रम के दौरान पुस्तक में शामिल सभी महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री द्वारा TRP की ओर से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके नेतृत्व, नवाचार और उस जज्बे का था, जिसने उन्हें आगे बढ़ते रहने की ताकत दी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंच से कहा कि ADHYAAY छत्तीसगढ़ की महिला आत्मनिर्भरता और नेतृत्व का जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने The Rural Press के संपादक उचित शर्मा और उनकी पूरी टीम को इस संवेदनशील और प्रेरणादायी प्रयास के लिए बधाई दी।

जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, समाज आगे बढ़ता है

इस पुस्तक का उद्देश्य उन महिलाओं को मंच देना है, जिन्होंने व्यवसाय, उद्योग, सेवा और नवाचार के क्षेत्र में न सिर्फ खुद को साबित किया, बल्कि दूसरों के लिए भी रास्ते खोले। ADHYAAY यह संदेश देती है कि महिलाएं सिर्फ उद्यम नहीं चला रहीं, वे सोच और दिशा दोनों बदल रही हैं।

महीनों की मेहनत से लिखा सफलता का ADHYAAY

इस प्रोजेक्ट की लीड और कंटेंट स्ट्रैटेजिस्ट खुशबू सोनी रहीं, जिन्होंने करीब 8-9 महीनों तक योजना, शोध, साक्षात्कार और सामग्री संकलन का कार्य किया। शोध टीम का नेतृत्व सुनील दुबे ने किया। खास बात यह रही कि यह पुस्तक बिना किसी प्रायोजन, पूरी तरह TRP के इन-हाउस संसाधनों से तैयार की गई।

See also  टीआरपी सबसे पहले : मनरेगा में अब 2000 रुपए ज्यादा मिलेगी मजदूरी, छत्तीसगढ़ के 19 लाख 88 हजार 36 मजदूरों को मिलेगा लाभ

महिलाओं को सशक्त मंच

पुस्तक में रायपुर, दुर्ग, बस्तर, जगदलपुर, जशपुर, कोंडागांव, धमतरी और अंबिकापुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिलाएं शामिल हैं, जो कृषि, फैशन, स्वास्थ्य, मीडिया, डिजाइन, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, शिक्षा और सेवा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय हैं।

ADHYAAY – The Women Who Lead केवल एक किताब नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की बेटियों के हौसले, आत्मविश्वास और नेतृत्व का वह दस्तावेज है, जो आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।