CG Liquor scam: रायपुर। CG News: छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा बुधवार को रायपुर जेल से बाहर आ गए। जेल के बाहर हजारों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पूर्व विधायक और लखमा के बेटे भी मौजूद रहे।

CG Liquor scam: रायपुर जेल से बाहर आने के बाद कवासी लखमा ने कहा कि मुझे न्यायपालिका में पूरा भरोसा है। आज मुझे 1 साल 20 दिन के बाद जेल से छूटने का मौका मिला। सबसे पहले मैं सुप्रीम कोर्ट और इस देश की न्यायपालिका को बधाई देना चाहता हूं। बस्तर के जल, जंगल और जमीन की आवाज उठाने वाला मैं एक साल से जेल में था।

CG Liquor scam: लखमा ने कहा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव मेरा हौसला बढ़ाने के लिए बारी-बारी से आते थे। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में मुझे उम्मीद है कि दूध का दूध पानी का पानी होगा।

See also  कृषि मंत्री रविंद्र चौबे की हालत में सुधार, पीजीआई में किए गए भर्ती

CG Liquor scam: क्यों हुई कवासी लखमा की गिरफ्तारी

कोंटा विधानसभा क्षेत्र से विधायक कवासी लखमा भूपेश बघेल सरकार में आबकारी मंत्री रह चुके हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें 15 जनवरी 2025 को गिरफ्तार किया था। इस मामले में ईडी ने 3800 पन्नों की रिपोर्ट पेश की थी, जिसमें हर महीने 2 करोड़ रुपये की बात भी कही गई थी।

इसके बाद EOW ने उन्हें 2 अप्रैल 2025 को हिरासत में लिया और 1100 पन्नों की चार्जशीट पेश की थी। इस चार्जशीट में अवैध कमाई के जरिए 64 करोड़ रुपये मिलने की बात कही थी। हाई कोर्ट ने 12 सितंबर 2025 को उनकी जमानत याचिका रद्द कर दी थी।