टीआरपी डेस्क। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए एक ऐतिहासिक और राहत भरी खबर सामने आई है। चर्चित दिल्ली शराब नीति मामले में अदालत ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सभी आरोपों से पूरी तरह बरी कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल मीडिया के सामने आते ही भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

“यह आजाद भारत का सबसे बड़ा षड्यंत्र था”

कोर्ट परिसर से बाहर निकलते ही केजरीवाल ने भाजपा पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी पूरी जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है। मुझ पर और मेरी पार्टी पर झूठे आरोप लगाए गए। यह मामला मेरे खिलाफ रचा गया आजाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र था। आज कोर्ट ने भी मुहर लगा दी है कि केजरीवाल और सिसोदिया कट्टर ईमानदार हैं।”

कोर्ट ने CBI को लगाई फटकार

सुनवाई के दौरान राउज एवेन्यू कोर्ट ने जांच एजेंसी CBI के साक्ष्यों पर असंतोष जताया। कोर्ट ने माना कि आरोपियों के खिलाफ पेश किए गए सबूत ठोस नहीं थे। इस कानूनी जीत ने न केवल केजरीवाल के राजनीतिक करियर को नई संजीवनी दी है, बल्कि आगामी चुनावों से पहले AAP नेतृत्व के सिर से भ्रष्टाचार का बड़ा बोझ भी उतार दिया है।

See also  रिपोर्ट : जानकर हैरान रह जाएंगे महज 1 फीसदी अमीरों की संपत्ति देश की 70 फीसदी आबादी की संपत्ति से 4 गुना अधिक

“AAP को खत्म करने की कोशिश हुई”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भावुक केजरीवाल ने कहा, “भाजपा लंबे समय से ‘शराब घोटाला-शराब घोटाला’ का शोर मचा रही थी। उन लोगों ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने और हमें बदनाम करने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन आज सत्य बेनकाब हो गया। मुझे शुरू से ही हमारी न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा था।”