न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की जीत का जश्न।

स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर ग्रुप-2 की अंकतालिका में खलबली मचा दी है। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने अपने तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 160 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में हासिल कर लिया।

इंग्लैंड की इस जीत ने ग्रुप-2 के सेमीफाइनल समीकरणों को बेहद पेचीदा बना दिया है। जहां इंग्लैंड सुरक्षित है, वहीं न्यूजीलैंड की हार ने पाकिस्तान के लिए उम्मीद की एक खिड़की खोल दी है। अब सेमीफाइनल की दूसरी टीम का फैसला पूरी तरह से पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच पर टिका है।

वहीं ग्रुप-A में दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को होने वाले मैच को जितने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी।

इंग्लैंड को मिला था 160 रन का टारगेट


160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन ने शुरुआती 8 गेंदों में ही जोस बटलर और फिल सॉल्ट को पवेलियन भेजकर स्कोर 2 रन पर 2 विकेट कर दिया। संकट के समय कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने पारी संभाली।

See also  IND vs WI : ईडन गार्डेन्स में आज करो या मरो की जंग, विजेता टीम को सेमीफाइनल में मिलेगी जगह, जानें हेड टू हेड आंकड़ें में किसका पलड़ा भारी…?

मैच का असली रुख तब पलटा जब आखिरी 3 ओवर में इंग्लैंड को 43 रन चाहिए थे। युवा खिलाड़ी रेहान अहमद ने मात्र 7 गेंदों पर नाबाद 19 रन ठोककर कीवी टीम के जबड़े से जीत छीन ली।

इंग्लैंड की जीत पर पाकिस्तान की उम्मीदें जिन्दा
इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत ने सबसे बड़ी राहत पाकिस्तान को दी है। इंग्लैंड पहले ही छह अंकों के साथ शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। न्यूजीलैंड के पास तीन अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.390 है।

पाकिस्तान दो मैचों में एक अंक लेकर तीसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट -0.461 है। ऐसे में पाकिस्तान के लिए अब सिर्फ जीत काफी नहीं, बल्कि बड़ी जीत जरूरी हो गई है।

अगर पाकिस्तान श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करता है और लक्ष्य का बचाव करता है तो उसे कम से कम 64 रन से जीत दर्ज करनी होगी। वहीं अगर लक्ष्य का पीछा करता है तो 13.1 ओवर के भीतर टारगेट हासिल करना अनिवार्य होगा। तभी वह नेट रन रेट में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ पाएगा।

See also  PAK vs NAM : करो या मरो वाले मुकाबले में पाकिस्तान ने जीता टॉस, प्लेइंग-11 से इन दो खिलाड़ियों की छुट्टी…

इंग्लैंड की जीत ने पाकिस्तान की उम्मीदें जिंदा रखी हैं, क्योंकि अगर न्यूजीलैंड यह मुकाबला जीत जाता तो पाकिस्तान का सफर यहीं खत्म हो जाता। अब समीकरण साफ है- पाकिस्तान को हर हाल में आक्रामक क्रिकेट खेलना होगा। सिर्फ जीत नहीं, बल्कि दमदार और बड़े अंतर की जीत ही उसे अंतिम चार में पहुंचा सकती है।

अब सबकी नजर पाकिस्तान के प्रदर्शन पर है। क्या बाबर आजम की टीम दबाव में बड़ा प्रदर्शन कर पाएगी या न्यूजीलैंड नेट रन रेट के दम पर आगे निकल जाएगा — यही इस ग्रुप की सबसे बड़ी कहानी बन गई है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।