जांजगीर-चांपा। जिले के नैला रेलवे फाटक की लंबे समय से चली आ रही समस्या सहित अन्य मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन और चक्काजाम के बीच आखिरकार रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच अहम बैठक हुई, बैठक के बाद एक सहमति पत्र तैयार किया गया, जिसमें रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों पर निर्णय लिया गया।

दरअसल नैला रेलवे फाटक पर आए दिन लगने वाले जाम से क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशान थी। फाटक बंद होने के कारण घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ मरीजों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं, इस समस्या के स्थायी समाधान सहित कुछ अन्य मांगों को लेकर जांजगीर विधायक व्यास कश्यप के नेतृत्व में चक्का जैम आंदोलन हुआ। इस आंदोलन को नैला नगर के व्यापारी संघ, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों का भी समर्थन मिला।

See also  Breaking: छत्तीसगढ़ में IIT कॉलेज खुलेंगे, यूनिवर्सिटी-कॉलेज में भी होगी पढ़ाई, भूपेश कैबिनेट के बड़े फैसले

रेलवे स्टेशन जांजगीर-नैला में आयोजित इस बैठक में एडीआरएम जे एस मीना, सीनियर डीसीएम सहित रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे, वहीं जांजगीर विधायक व्यास कश्यप, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, एसडीएम, नगर पालिका के प्रतिनिधि और आंदोलन समिति के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए, बैठक के दौरान नैला रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या और रेलवे से जुड़ी अन्य मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

चर्चा के बाद नैला रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी, सहमति पत्र में उल्लेख किया गया कि नैला रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण के लिए 15 सितंबर 2026 तक प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जाएगी, इसके साथ ही नहरिया बाबा के पास फुट ओवरब्रिज का निर्माण भू-अर्जन प्रक्रिया पूर्ण होने के 12 माह के भीतर पूरा करने का निर्णय लिया जायेगा, इस फुट ओवरब्रिज के बनने से स्थानीय लोगों को रेलवे लाइन पार करने में बड़ी सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

See also  Railway Jobs 2022: रेलवे दे रहा है इन पदों पर जॉब का सुनहरा मौका, जानें क्या है योग्यता

बैठक में चांपा के मिशन गेट समपार पर अंडरब्रिज निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता देते हुए 18 माह के भीतर पूरा करने पर सहमति बनी। यह अंडरब्रिज बनने से चांपा क्षेत्र में भी आवागमन सुगम हो सकेगा और लोगों को रेलवे फाटक पर लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा बैठक में जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन में साउथ बिहार एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी चर्चा हुई, इस संबंध में रेलवे प्रशासन द्वारा संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजने और आगे की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी।

बैठक के दौरान यह भी तय किया गया कि इन सभी कार्यों की प्रगति की जिला मुख्यालय में प्रतिमाह समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सके और तय समय सीमा में कार्य पूर्ण हो सके, बैठक के बाद तैयार किए गए सहमति पत्र पर जांजगीर विधायक व्यास कश्यप, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, रेलवे अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए।

See also  यात्रीगण कृपया ध्यान दें : आज रेलवे ने अलग-अलग कारणों से 513 ट्रेनों को किया रद्द, चेक करें कैंसिल ट्रेनों की लिस्ट

इसके बाद आंदोलनकारियों को सहमति पत्र की जानकारी दी गई, जिसके पश्चात करीब 9 घंटे तक चले आंदोलन के बाद चक्का जाम समाप्त कर दिया गया और यातायात को पुनः सुचारू किया गया, यह आंदोलन नैला रेलवे फाटक की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि सहमति पत्र में तय किए गए कार्य जल्द ही धरातल पर दिखाई देंगे और उन्हें जाम की समस्या से राहत मिलेगी।