CGBSE 12th Paper Leak Case: छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। दरअसल, माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 12वीं कक्षा की हिंदी विषय की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर पेपर के सवाल वायरल होने के बाद से ही छात्र-अभिभावकों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को परीक्षा थी, लेकिन 13 मार्च की देर रात से ही व्हाट्सएप ग्रुपों में प्रश्नपत्र के कुछ सवाल वायरल होने लगे थे। इस खबर के आग की तरह फैलते ही छात्रों की चिंता बढ़ गई और परीक्षा की पारदर्शिता पर कई गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

सड़कों पर छात्र, घेराव का दौर

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को छात्र संगठन NSUI ने रायपुर में माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) दफ्तर का घेराव कर दिया। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि अगर बोर्ड की परीक्षाओं में इस तरह से खिलवाड़ होगा, तो लाखों होनहार छात्रों का भविष्य अंधकार में चला जाएगा।

See also  पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्टा के स्वर भी विरोध में हुए मुखर

सरकार का एक्शन और विपक्ष का हमला

इस बीच, छत्तीसगढ़ सरकार का जनसंपर्क विभाग हरकत में आ गया है। विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और साइबर सेल में एफआईआर (FIR) दर्ज करा दी है।

दूसरी ओर, सियासत भी गरमा गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, सरकार यूपीएससी की तर्ज पर परीक्षा कराने के बड़े-बड़े दावे करती थी, लेकिन यहां तो 12वीं की परीक्षा भी ठीक से नहीं हो पा रही है। इसमें बड़ी मिलीभगत नजर आती है।

बोर्ड परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं का असर सीधे तौर पर परीक्षा परिणामों और छात्रों के मनोबल पर पड़ता है। फिलहाल, साइबर सेल की टीम उन व्हाट्सएप ग्रुपों को खंगाल रही है जहां से ये प्रश्नपत्र वायरल हुए थे।

गौरतलब है कि अगर जांच में पेपर लीक की पुष्टि होती है, तो मंडल को आगे की परीक्षाओं के लिए सुरक्षा के और भी कड़े इंतजाम करने होंगे। फिलहाल, रायपुर से लेकर प्रदेश भर के परीक्षा केंद्रों पर इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

See also  CG liquor scam: 21 आबकारी अधिकारियों पर अभियोजन की मंजूरी, गिरफ्तारी की लटकी तलवार