टीआरपी डेस्क। आज यानी मंगलवार (17 मार्च) को सर्राफा बाजार में जोरदार हलचल देखी जा रही है। हफ्ते के दूसरे दिन सोने और चांदी की कीमतों ने एक बार फिर तेज रफ्तार पकड़ ली है। सुबह 10 बजे के आसपास एमसीएक्स (MCX) पर सोना और चांदी दोनों ही हरे निशान में कारोबार करते दिखे।

सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी

सोने के दाम में आज सुबह से ही उबाल देखा जा रहा है। 10 बजे तक सोने (Gold Rate Today) की कीमतों में 1080 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की बढ़त दर्ज की गई।एमसीएक्स (MCX) पर 10 ग्राम सोने की कीमत 1,56,835 रुपये के स्तर पर पहुंच गई। सुबह के सत्र में सोने ने 1,57,100 रुपये प्रति 10 ग्राम का हाई (High) बनाया। आज सुबह सोना 1,56,566 रुपये पर खुला था, जो फिलहाल बढ़त की ओर है।

चांदी भी हुई 4000 रुपये महंगी

चांदी की चमक भी आज फीकी नहीं पड़ी। औद्योगिक मांग और वैश्विक संकेतों के चलते चांदी में करीब 4219 रुपये प्रति किलो की भारी तेजी देखी गई। सुबह 10 बजे एमसीएक्स पर 1 किलो चांदी का भाव 2,60,751 रुपये दर्ज किया गया। शुरुआती कारोबार में चांदी 2,58,338 रुपये प्रति किलो के निचले स्तर तक गई थी, लेकिन वहां से शानदार रिकवरी की।

See also  वीरांगना रानी अवंतीबाई की 194वीं जयंती: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी श्रद्धांजलि, समाज के लिए बताया- प्रेरणादायक

क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

विशेषज्ञों के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक तनाव (US-Iran Conflict) की वजह से निवेशक सुरक्षित निवेश के लिए सोने-चांदी की ओर रुख कर रहे हैं। इसके अलावा डॉलर की अस्थिरता और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने भी बुलियन मार्केट में जोश भर दिया है।

इन शहरों में सस्ता मिलेगा सोना

अगर आप खरीदारी की सोच रहे हैं, तो दक्षिण भारत के शहरों (जैसे केरल या कोयंबटूर) में टैक्स और मेकिंग चार्जेस के अंतर के कारण सोना उत्तर भारत के मुकाबले थोड़ा सस्ता मिल सकता है। हालांकि, स्थानीय सर्राफा संघों के रेट्स में थोड़ा बहुत अंतर हो सकता है।