टीआरपी डेस्क। जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद पिछले चार दिनों से चल रहा बचाव अभियान रविवार को समाप्त हो गया। उफनती लहरों के बीच गोताखोरों ने रविवार सुबह दो और लापता लोगों के शव बरामद किए, जिसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की कुल संख्या 13 पहुंच गई है। मृतकों में 8 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं।

8 साल के मयूरन और उसके चाचा कामराज का शव बरामद

रविवार सुबह करीब 6 बजे तमिलनाडु के त्रिची से आए 8 साल के बालक मयूरन का शव मिला, वहीं इसके कुछ देर बाद उसके चाचा कामराज का शव भी पानी से बाहर निकाला गया। इस हादसे ने सबसे ज्यादा तमिलनाडु के उस परिवार को जख्म दिए हैं, जिसके सात सदस्यों में से पांच की मौत हो गई। तमिलनाडु से मध्य प्रदेश पर्यटन के लिए आए इस समूह में अब केवल दो लोग ही जीवित बचे हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, हादसे के समय क्रूज पर सवार लोगों में से 28 को सुरक्षित बचा लिया गया था, जो अब खतरे से बाहर हैं। हालांकि, अब कोई भी व्यक्ति लापता नहीं है, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन को आधिकारिक तौर पर समाप्त घोषित कर दिया गया है। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें एहतियात के तौर पर रविवार शाम तक डैम में गश्त करती रहेंगी। पुलिस अब इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

See also  तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, पूर्व गृहमंत्री की बेटी सहित तीन की मौत; एक युवती घायल, सीएम ने जताया शोक