रायपुर। तखतपुर नगर पालिका के मंच पर आज उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सीधे CMO अमरेश सिंह को सबके सामने खरी-खोटी सुनाई। केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर आयोजित विकसित भारत शिविर में मंत्री का गुस्सा सातवें आसमान पर था।

25 लाख का हिसाब, काम का पता नहीं

बात मंच निर्माण की है। करीब दो साल पहले इसके लिए 25 लाख रुपये की बड़ी राशि मंजूर की गई थी। मंत्री जी ने जैसे ही काम के बारे में पूछा, तो फाइलें ठंडे बस्ते में नजर आईं। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जनता के पैसे का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा। CMO साहब सफाई देते रहे, लेकिन मंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि बहानेबाजी अब नहीं चलेगी।

पार्षदों ने भी खोली पोल

सिर्फ मंत्री ही नहीं, बीजेपी के पार्षदों ने भी इस आयोजन को लेकर अपना दर्द बयां किया। सूत्रों की मानें तो शिविर को लेकर प्रचार का अभाव था। पार्षदों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर खबर ही नहीं दी गई, जिससे आम जनता तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं पहुंच पाया।

See also  एक और घूसखोर पटवारी हुआ निलंबित, किसानों ने पैसे लेते वीडियो तैयार किया और कर दिया था वायरल

मंत्री तोखन साहू ने इस दौरान दो टूक कहा विकास कार्यों में किसी भी तरह की सुस्ती बर्दाश्त नहीं होगी। योजनाएं आखिरी छोर तक पहुंचने के लिए ही बनी हैं, दफ्तरों में फाइल दबाने के लिए नहीं। जनप्रतिनिधियों को जानकारी न देना काम में बाधा डालने जैसा है।

हितग्राहियों को मिली राहत

गरमा-गरमी के बीच ही केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया गया। मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार गरीबों और किसानों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। अब देखना यह है कि मंत्री की फटकार के बाद क्या तखतपुर नगर पालिका के काम की रफ्तार बढ़ती है या फिर फाइलें फिर से धूल फांकती रहेंगी।