बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में 4 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से बन रही भाला-गिरवानी नहर लाइनिंग का एक हिस्सा तेज जल प्रवाह में टूट गया। पहली ही बारिश में लाइनिंग क्षतिग्रस्त होने पर ग्रामीणों ने निर्माण में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। जल संसाधन विभाग ने कहा कि काम अभी प्रगति पर है और मरम्मत कराई जाएगी।

5,100 मीटर में से 3,200 मीटर काम पूरा

परियोजना के तहत 5,100 मीटर लंबी कंक्रीट लाइनिंग बनाई जा रही है। अब तक करीब 3,200 मीटर काम पूरा हो चुका है, जबकि 1,900 मीटर लाइनिंग बाकी है। जिस जगह लाइनिंग टूटी, वहां पानी की निकासी और आवागमन के लिए सुपर पैसेज बनना था।

सुपर पैसेज बिना बनाए कर दी लाइनिंग: आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सुपर पैसेज बनाए बिना ही कंक्रीट लाइनिंग कर दी गई। बारिश में तेज बहाव से पानी का दबाव बढ़ा और लाइनिंग टूट गई। लोगों का कहना है कि गुणवत्ता में लापरवाही के कारण पहली बारिश में ही नहर क्षतिग्रस्त हो गई।

See also  खनिज अमले के बीच हड़कंप, माइनिंग के 4 और अधिकारियों के यहां IT का छापा

विभाग का तर्क: सिंचाई के लिए पहले कराई लाइनिंग

निर्माण एजेंसी ने अतिवृष्टि और तेज जल प्रवाह को नुकसान की वजह बताया। कार्यपालन अभियंता एम.पी. डहरिया ने कहा कि क्षतिग्रस्त स्थान पर सुपर पैसेज प्रस्तावित है। किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी देने के मकसद से पहले लाइनिंग कराई गई थी। निर्माण अभी पूर्ण नहीं हुआ है। 

5 साल की गारंटी में होगा सुधार

विभाग ने बताया कि यह कार्य पांच वर्ष की गारंटी अवधि के अंतर्गत है। ठेकेदार को क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और आवश्यक सुधार के निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही नहर को दुरुस्त कर दिया जाएगा।