नगरीय प्रशासन सचिव आर. शंगीता ने रायपुर नगर निगम की समीक्षा बैठक ली

टीआरपी। राज्य शासन की नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन पहुंचकर अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने शहर की सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली सुधारने के कड़े निर्देश दिए।

राजधानी रायपुर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए यह बैठक बेहद अहम है। सचिव के कड़े रुख से जहां अटके हुए विकास कार्यों को गति मिलेगी, वहीं जलभराव वाले क्षेत्रों में पहले से सफाई होने से मानसून के दौरान आम जनता को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सकेगी।

विकास कार्यों में तेजी और समय पर वेतन देने के निर्देश

सचिव आर. संगीता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो विकास कार्य स्वीकृत हैं लेकिन तकनीकी कारणों से शुरू नहीं हो पाए हैं, उनका तत्काल समाधान कर काम प्रारंभ करें। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को हर 15 दिनों में निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही, कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए उन्होंने नगर निगम के सभी नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों को निर्धारित समय पर हर महीने वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

See also  शेयर बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स उछला, रुपये में थोड़ा सुधार

सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सचिव ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने और राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण में रायपुर की रैंकिंग सुधारने के लिए कड़ी मेहनत करने को कहा। बेहतर काम करने वाले वार्ड प्रभारियों और अभियंताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने घोषणा की कि विभाग अच्छे काम करने वाले कर्मचारियों को अध्ययन यात्रा पर राज्य के बाहर दूसरे बड़े शहरों में भेजेगा। इसके अलावा, उन्होंने सोनडोंगरी के एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर और नालंदा-2 परिसर के निर्माण कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण भी किया।

सचिव ने टाटीबंध में संचालित महतारी सदन और नालंदा लाइब्रेरी के बेहतरीन संचालन पर प्रत्यक्ष निरीक्षण के दौरान प्रसन्नता व्यक्त की।


बैठक में नगरीय प्रशासन संचालक आर. एक्का और रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा समेत सूडा और निगम के सभी बड़े अधिकारी उपस्थित थे।

इस समीक्षा बैठक के बाद रायपुर के सभी जोनों में विकास कार्यों की मॉनिटरिंग तेज होगी और प्रधानमंत्री आवास योजना व पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को तेजी से लाभ मिलने की उम्मीद है।

See also  47सौ रुपए समर्थन मूल्य में चना खरीदी करे सरकारः किसान संघ