Chhattisgarh News: रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने अपनी आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब नागरिकों को बुकिंग के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे घर बैठे RDA की वेबसाइट पर उपलब्ध संपत्तियों की जानकारी देखकर ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कर सकेंगे।

फिलहाल प्राधिकरण ने करीब 121 संपत्तियों को ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया है। इनमें कमल विहार और रावभाठा की विभिन्न आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियां शामिल हैं। कमल विहार में फ्लैट, आवासीय भूखंड और व्यावसायिक भूखंड उपलब्ध हैं, जबकि रावभाठा में व्यावसायिक संपत्तियों की बुकिंग की जा सकेगी।

RDA ने कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए भी आवासीय परियोजनाएं विकसित की हैं, ताकि अलग-अलग आय वर्ग के परिवार अपनी जरूरत और आर्थिक क्षमता के अनुसार आवास का लाभ ले सकें।

नई व्यवस्था के तहत आवेदक वेबसाइट पर उपलब्ध संपत्तियों का विवरण देखकर अपनी पसंद की संपत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान भी डिजिटल माध्यम से किया जा सकेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और समयबद्ध होगी।

See also  सशस्त्र सैन्य समारोह : सेना के रंग में रंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कहा…

RDA अध्यक्ष नंदे साहू ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उनके अनुसार, ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से समय की बचत होगी, प्रक्रिया सरल बनेगी और संपत्तियों के आवंटन में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

RDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अवनीश कुमार शरण ने बताया कि लंबे समय से संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया बंद थी। अब इसे दोबारा शुरू करते हुए सभी उपलब्ध संपत्तियों को एक साथ ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है। इससे नागरिकों को बिना कार्यालय आए तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से बुकिंग की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्राधिकरण की अधिक से अधिक सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि लोगों को सरल, पारदर्शी और प्रभावी नागरिक सेवाएं मिल सकें।