CGPSC Scam: छत्तीसगढ़ के चर्चित सीजीपीएससी भर्ती घोटाले मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय की भी एंट्री हो गई है। मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच के तहत पूर्व सीजीपीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी से रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ की जाएगी। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से होगी पूछताछ
सीजीपीएससी भर्ती घोटाले की जांच के बीच अब ED वित्तीय लेनदेन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच करेगी। इसी कड़ी में टामन सिंह सोनवानी से रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि मामले में अवैध धन के लेनदेन या उससे जुड़े अन्य पहलू सामने आते हैं या नहीं।
मुख्यमंत्री बोले- युवाओं के भविष्य से हुआ खिलवाड़
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया था।
साय ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतती। यदि कोई व्यक्ति किसी भी क्षेत्र में अपराध करता है और जांच में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
मन की बात में छत्तीसगढ़ का जिक्र
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 136वें एपिसोड का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री समय-समय पर राज्य की उपलब्धियों का जिक्र करते हैं।
उन्होंने बताया कि पहले बस्तर पंडुम और मल्हार के ताम्रपत्र का उल्लेख किया गया था। इस बार प्रधानमंत्री ने कोरबा के कैच द रेन अभियान की सराहना की। साथ ही गणेश चतुर्थी पर स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाई गई मिट्टी की प्रतिमाओं को अपनाने का भी संदेश दिया।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर भी दिया बयान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा के लिए देश सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक आधार पर इस्तीफा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक सिद्धांत आधारित पार्टी है और उसका उद्देश्य जनता व देश की सेवा करना है।


