रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन अटेंडेंस के आधार पर वेतन काटने के आदेश पर यू-टर्न ले लिया है। विभाग सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने साफ कहा है कि जुलाई का वेतन केवल वीएसके ऐप की ई-अटेंडेंस के आधार पर नहीं बनाया जाएगा। बिना कारण जाने किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाएगा।
यह निर्देश सभी जिला शिक्षा अधिकारियों डीईओ और संयुक्त संचालकों के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए।
छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जुलाई माह का वेतन केवल VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप की ई-अटेंडेंस के आधार पर नहीं बनाया जाएगा और बिना कारण जाने किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाएगा।
तकनीकी दिक्कतों के चलते बदला फैसला
बैठक में बताया गया कि जुलाई माह में वीएसके ऐप में कई जगह तकनीकी और नेटवर्क की समस्या आई है।
विभाग ने कहा कि ऐसे मामलों में पहले वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी। यदि तकनीकी कारणों से किसी शिक्षक की उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी है तो उसका वेतन नहीं रोका जाएगा।
साथ ही जिन स्कूलों में नेटवर्क या ऐप नहीं चल रहा है, वहां की वास्तविक स्थिति कलेक्टर के माध्यम से उच्च कार्यालय को भेजी जाएगी।
टीचर्स एसोसिएशन के दबाव का असर
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने ऐप की दिक्कतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने मांग की थी कि वेतन जारी करने से पहले जांच हो कि उपस्थिति न होने के पीछे तकनीकी समस्या थी या कोई अन्य कारण। शर्मा ने कहा था कि यदि तकनीकी खामी है तो संबंधित डीडीओ से प्रमाणित कर वेतन जारी किया जाए।
उन्होंने चेतावनी भी दी थी कि यदि तकनीकी समस्या को नजरअंदाज कर वेतन रोका गया तो 7 अगस्त को पूरे प्रदेश में डीडीओ कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।
अब क्या होगा आगे ?
विभाग का नया निर्देश आने के बाद जुलाई के वेतन पर लटकी तलवार हट गई है। अब डीईओ को निर्देश है कि पहले कारण पता करें, फिर वेतन रोकने पर फैसला लें।
फिलहाल शिक्षकों को राहत मिली है, लेकिन वीएसके ऐप की तकनीकी खामियों को जल्द दुरुस्त करने की मांग अब भी बनी हुई है।
FAQ: स्कूल शिक्षा विभाग वेतन मामला
सवाल 1. जुलाई का वेतन किस आधार पर बनेगा ?
केवल वीएसके ऐप की ई-अटेंडेंस के आधार पर नहीं बनेगा। कारण की जांच के बाद वेतन जारी होगा।
सवाल 2. किसने दिए निर्देश ?
स्कूल शिक्षा विभाग सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने सभी डीईओ और संयुक्त संचालकों को निर्देश दिए।
सवाल 3. तकनीकी समस्या आने पर क्या होगा ?
यदि नेटवर्क या ऐप की वजह से हाजिरी नहीं लगी तो वेतन नहीं रोका जाएगा। इसकी जानकारी कलेक्टर के माध्यम से भेजी जाएगी।
सवाल 4. टीचर्स एसोसिएशन की मुख्य मांग क्या थी ?
वेतन रोकने से पहले तकनीकी कारणों की जांच हो। डीडीओ से प्रमाणित कर शिक्षकों का वेतन जारी किया जाए।
सवाल 5. आगे आंदोलन होगा क्या ?
अगर निर्देश नहीं माने गए तो 7 अगस्त को डीडीओ कार्यालयों का घेराव करने की चेतावनी एसोसिएशन ने दी थी।


