मुंगेली। जरहागांव थाना पुलिस ने तखतपुर नगर पालिका के CMO अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। 1 अगस्त की रात बरेला मेन रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में CMO की सरकारी स्कोडा कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई और 1 युवक गंभीर घायल है।
पुलिस के मुताबिक CMO तेज रफ्तार और गलत दिशा से कार चला रहे थे। घटनास्थल पर गिरी ‘CMO (UAD) CG Government’ की नेमप्लेट से पहचान हुई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
किस तरह हुआ हादसा ?
पुलिस के मुताबिक, सीएमओ अमरेश सिंह कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जन्मदिन पार्टी से मुंगेली से तखतपुर लौट रहे थे, इस दौरान यह हादसा हुआ था।
प्रार्थी विश्वनाथ बसोर, निवासी शिक्षक नगर पंडरिया की रिपोर्ट पर यह मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि 1 अगस्त को उनकी भाभी किरण बसोर अपने साथियों के साथ शादी समारोह के ऑर्डर के सिलसिले में ग्राम हरदी गई थी। वापस लौटते समय बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय आ जाने के कारण उन्होंने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल सड़क किनारे रोक दी थी। इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही कार क्रमांक CG-15-DN-3866, जिस पर “CMO (UAD) CG Government” लिखा हुआ था, तेज रफ्तार एवं गलत दिशा से आई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में 2 की मौत, 1 गंभीर
हादसा इतना भीषण था कि किरण बसोर (39 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल अंजली बसोर (35 वर्ष) को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। तीसरे घायल विकेश साहू (करीब 36 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों मुंगेली के विनोबा नगर निवासी हैं और तखतपुर से मुंगेली लौट रहे थे।

मौके से फरार हुआ चालक, घटना स्थल पर मिली थी ‘CMO’ नेम प्लेट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। बाद में दुर्घटना स्थल से कार की ‘CMO’ लिखी नेम प्लेट बरामद हुई, जबकि दुर्घटनाग्रस्त स्कोडा कार तखतपुर नगर पालिका कार्यालय के पास क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी मिलने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद पूरे जिले में यह मामला चर्चा का विषय बन गया था।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जन्मदिन पार्टी से लौटते वक्त हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय उक्त कार में तखतपुर नगर पालिका के CMO एवं अन्य लोग सवार थे, जो देर रात मुंगेली कांग्रेस जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह से तखतपुर लौट रहे थे। वहीं बाइक सवार तीनों लोग तखतपुर से मुंगेली की ओर वापस आ रहे थे। इसी दौरान बरेला के पास यह हादसा हुआ।
पुलिस की जांच में पता चला कार में तखतपुर नगर पालिका CMO अमरेश सिंह (58 वर्ष) सवार थे। CMO ने जानबूझकर और लापरवाही से गलत दिशा में तेज गति से वाहन चलाकर टक्कर मारी।
पुलिस जांच में बड़ा दावा – जान बूझकर मारी थी टक्कर
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में थाना जरहागांव पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, प्रत्यक्षदर्शियों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए और सभी भौतिक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, घटनास्थल के निरीक्षण एवं अन्य तथ्यों के आधार पर यह पाया गया कि कार चालक CMO अमरेश सिंह ने जानबूझकर एवं अत्यंत लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा से तेज गति में वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल को टक्कर मारी।

BNS की 3 धाराओं में केस, सीएमओ गिरफ्तार
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी अमरेश सिंह को गिरफ्तार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार क्रमांक CG-15-DN-3866 भी जब्त कर ली गई। जरहागांव थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 281, 125(ए) एवं 105 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी की अपील – निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं
एसएसपी भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं तथा सड़क पर किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, जिससे ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
FAQ: मुंगेली CMO हादसा मामला
सवाल 1. कहां हुआ हादसा ?
मुंगेली जिले के जरहागांव, ग्राम बरेला मेन रोड
सवाल 2. कौन गिरफ्तार हुआ ?
तखतपुर नगर पालिका CMO अमरेश सिंह
सवाल 3. कितने लोगों की मौत हुई ?
2 महिलाओं की मौत, 1 युवक गंभीर घायल
सवाल 4. आरोपी की पहचान कैसे हुई ?
घटनास्थल से मिली ‘CMO’ लिखी नेमप्लेट और तखतपुर में खड़ी क्षतिग्रस्त कार से
सवाल 5. किस धारा में केस ?
BNS 281, 125(ए), 105 – लापरवाही, गलत दिशा, गैर इरादतन हत्या


