छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में लागू धारा 144, कंटेनमेंट जोन घोषित कर इलाकों को किया गया सील
image source : google

टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में कोरोना का केस थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। रोज़ाना आकड़ों में हो रही बढ़ोतरी राज्य सरकार की चिंता बढ़ा रही है। वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन कोरोना के प्रभाव को देखते हुए पहले की तरह सख्त रवैया अपनाते नज़र आ रही है।

बता दें, सरकार ने प्रदेश के 12 जिलों में धारा 144 लागू कर दिया है। इसके अलावा राजधानी रायपुर में जिन इलाकों में ज्यादा केस मिले हैं। उन इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में ज्यादा मरीज मिल रहे हैं, उन इलाकों को बैरिकेडिंग कर सील किया जा रहा है।

मास्क न लगाने पर 500 रुपए का जुर्माना

मुंगेली, दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़, गौरेला-मरवाही-पेंड्रा, कोंडागांव, नारायणपुर, कोरबा, जशपुर, रायपुर, सूरजपुर, कवर्धा, कोरिया जिले में धारा 144 लागू कर दिया गया है। धारा 144 लागू होने के बाद अब सार्वजनिक स्थानों पर पांच से अधिक लोग एक साथ खड़े नहीं हो सकेंगे। साथ ही मास्क नहीं लगाने वालों पर 500 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने कोरोना संक्रमण के प्रभाव को देखते हुए शहर के सभी भीड़-भाड़ वाले जगहों में धारा 144 लागू कर दिया गया है। कलेक्टर ने कहा कि भीड़भाड़ वाले चिन्हांकित सार्वजनिक स्थानों पर धारा 144 और मास्क नहीं पहनने वालों पर प्रशासन द्वारा सख्ती से कार्रवाई शुरू कर दी है।

See also  प्रदेश के बेरोजगारों को पांच सितारा होटलों में कार्य करने का मिलेगा अवसर

सार्वजनिक आयोजनों पर लगा प्रतिबंध

होली व रमजान के साथ ही अन्य कार्यक्रमों में शारीरिक दूरी के पालन के साथ ही जुलूस, धरना प्रदर्शन व समारोह पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही सभी पर्यटन स्थल अगले आदेश तक के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। हर तरह के सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, खेल और राजनीतिक आयोजनों पर प्रतिबंधित लगा दिया गया है। दो-पहिया वाहनों पर दो और चार-पहिया पर चार लोगों को ही सवारी करने की अनुमति दी गई है। डीजे, नगाड़ा जैसे सभी ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

24 घंटे में 2419 नए मरीज

बता दें, स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार बुधवार को प्रदेश में 2419 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे और 594 मरीज स्वस्थ हुए। वहीं दूसरी ओर 15 मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 4026 कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है। वहीं प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 लाख 32 हजार 113 हो गई है।

See also  Liquor Scam : पूर्व मंत्री कवासी लखमा को नहीं मिली राहत ! हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका…