Rich List 2026: देश के सबसे अमीर उद्योगपति का ताज एक बार फिर बदल गया है। अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी और उनके परिवार ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पछाड़कर पहला स्थान हासिल कर लिया है।
M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 जारी कर दी गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार, दोनों उद्योगपतियों की संपत्ति में आए उतार-चढ़ाव के कारण अब उनके बीच लगभग 60,000 करोड़ रुपये का फासला आ गया है।
ऐसे समझें अडाणी और अंबानी की संपत्ति का गणित
जारी आंकड़ों के मुताबिक, गौतम अडाणी और उनके परिवार की कुल संपत्ति में 13% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिससे यह बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये (96 अरब डॉलर) हो गई है। इसके उलट, मुकेश अंबानी परिवार की कुल संपत्ति में 10% की गिरावट आई है और यह घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये (90 अरब डॉलर) पर आ गई है। इन दोनों दिग्गजों के बीच अब करीब 60,000 करोड़ रुपये का अंतर है।
देश में बढ़े डॉलर अरबपति
रिपोर्ट बताती है कि भारत में कम से कम 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति वाले व्यक्तियों की कुल संख्या बढ़कर 1,810 हो गई है। इन सभी अमीरों की कुल संपत्ति 12.8% बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये (1.96 ट्रिलियन डॉलर) हो चुकी है, जो देश की कुल जीडीपी के लगभग आधे के बराबर है। देश में अब रिकॉर्ड 391 डॉलर अरबपति हैं, जबकि पांच साल पहले यह आंकड़ा 237 था। पिछले एक साल में ही देश में 27 नए डॉलर अरबपति जुड़े हैं।
टॉप 10 में नए चेहरों की एंट्री
इस साल की सूची में कई जाने-माने चेहरों ने लंबी छलांग लगाई है। लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति में 93% की तूफानी बढ़त देखी गई, जिससे वे 3.39 लाख करोड़ रुपये के साथ 8 पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए। अनिल अग्रवाल ने 87% की बढ़त दर्ज करते हुए 2.08 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ 7 पायदान छलांग लगाई और 9वें स्थान पर कब्जा किया। इसके अलावा, जेबी केमिकल्स के विलय के बाद समीर मेहता की संपत्ति 52% बढ़कर 1.89 लाख करोड़ रुपये हो गई और वे 10वें स्थान पर आ गए।
क्वांटम कंप्यूटिंग और AI का नया दौर
इस बार की हुरुन सूची में नए जमाने की तकनीकों का दबदबा भी दिखा है। क्वांटम कंप्यूटिंग सेक्टर की सूची में पहली बार एंट्री हुई है, जिसमें बेंगलुरु स्थित QpiAi के नागेंद्र नागराजा 1,700 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ इस क्षेत्र के पहले उद्यमी बने हैं। वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर से कुल 19 उद्यमियों ने जगह बनाई है, जिनमें 15 नए नाम शामिल हैं। Wispr Flow के 28 वर्षीय तन्मय कोठारी और सहज गर्ग प्रत्येक 4,200 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ इस सूची में शामिल हुए हैं।
अन्य प्रमुख उद्योगपतियों की संपत्तियां
एचसीएल की रोशनी नादर मल्होत्रा 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं और वे ओवरऑल पांचवें स्थान पर हैं। क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto के सह-संस्थापक कैवल्य वोहरा (23 वर्ष) सूची के सबसे युवा सदस्य हैं, जबकि उनके पार्टनर आदित पालिचा (24 वर्ष) दूसरे सबसे युवा अमीर हैं। क्यूपिड के आदित्य कुमार हलवासिया की संपत्ति में सबसे ज्यादा 859% का उछाल आया और यह 18,800 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। भौगोलिक रूप से, देश के सबसे ज्यादा अमीर मुंबई (465 व्यक्ति) में रहते हैं, जिसके बाद नई दिल्ली (236) और बेंगलुरु (129) का नंबर आता है।
जानिए, विदेश में बसे भारतीय अमीरों का हाल
भारत से बाहर विदेशों में रहने वाले सूचीबद्ध अमीर भारतीयों की संख्या भी बढ़कर 156 हो गई है। इनमें से 90 अमेरिका में और 31 संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रहते हैं। फोर्ट लॉडरडेल स्थित GQG पार्टनर के राजीव जैन विदेश में रहने वाले प्रमुख नए नामों में शामिल हैं, जो 27,100 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ 125वें स्थान पर हैं।
FAQs
1. हुरुन रिच लिस्ट 2026 में भारत का सबसे अमीर व्यक्ति कौन है?
– गौतम अडानी और उनका परिवार हुरुन रिच लिस्ट 2026 में भारत के सबसे अमीर कारोबारी बने हैं।
2. गौतम अडानी और मुकेश अंबानी की संपत्ति में कितना अंतर है?
– दोनों उद्योगपतियों के बीच अब करीब 60,000 करोड़ रुपये का अंतर है।
3. भारत में कुल कितने डॉलर अरबपति हो गए हैं?
– रिपोर्ट के अनुसार भारत में अब रिकॉर्ड 391 डॉलर अरबपति हैं।
4. भारत की सबसे अमीर महिला कौन हैं?
– एचसीएल की रोशनी नादर मल्होत्रा 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला हैं।
5. हुरुन रिच लिस्ट 2026 में सबसे युवा अमीर कौन हैं?
– Zepto के सह-संस्थापक कैवल्य वोहरा (23 वर्ष) इस सूची के सबसे युवा सदस्य हैं।



