शिवसेना के वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे की कथित नाराजगी को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में मचे बवाल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
Image Source: Google

टीआरपी डेस्क। शिवसेना के वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे की कथित नाराजगी को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में मचे बवाल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा से मंगलवार को मुलाकात की।

बता दें कि दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब ऐसी खबरें सामने आईं कि महाराष्ट्र सरकार के मंत्री शिंदे मुंबई में नहीं हैं बल्कि कुछ विधायकों के साथ गुजरात के सूरत शहर के एक होटल में वह डेरा डाले हुए हैं।

वहीं शिवसेना नेता संजय राउत ने पत्रकारों से कहा कि विधान परिषद चुनाव के बाद सोमवार की रात कुछ विधायकों से संपर्क नहीं हो सका, लेकिन पार्टी अब उनमें से कुछ तक पहुंचने में सफल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘एकनाथ शिंदे मुंबई में नहीं हैं, लेकिन उनके साथ संपर्क हो गया है।’’

बता दें कि एक दिन पहले ही सत्तारूढ़ महा विकास आघाड़ी गठबंधन को महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों में हार से झटका लगा था। शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस एमवीए के घटक हैं। इससे पहले, राज्यसभा के चुनाव में सत्तारुढ़ गठबंधन को झटका लग चुका है।

See also  कोविशील्‍ड VS कोवैक्‍सीन: Corona Vaccination को लेकर दोनों वैक्सीन में अंतर समझ लीजिये

इस बीच, भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने ताजा राजनीतिक घटनाक्रमों के संबंध में मुंबई में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि पार्टी इन घटनाओं पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि यह कहना जल्दबाजी होगी कि ये घटनाएं किसी परिवर्तन का स्वरूप लेंगी।उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली के लिए निकले हैं और वह पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे।

महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘बहुत बढ़िया एकनाथ जी। आपने उचित समय पर उचित फैसला लिया है। नहीं तो आपका भी आनंद दीघे जैसा हश्र हो सकता था।’’ दीघे शिवसेना के प्रमुख नेताओं में से एक थे। वह महाराष्ट्र के ठाणे से थे। वर्ष 2001 में उनकी मृत्यु हो गई थी।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर