टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक बार फिर नक्सलियों की बर्बरता सामने आई है। नक्सलियों के कुख्यात मिलिट्री हेड माड़वी हिड़मा के गृहग्राम पूवर्ती में पूर्व सरपंच और ग्राम पटेल बोड़के रामा की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। हमले को अंजाम देने के पीछे नक्सलियों ने उसे पुलिस का मुखबिर और ग्रामीणों की जमीन हड़पने वाला बताया है।

सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों की पामेड़ एरिया कमेटी के 10 से 15 हथियारबंद सदस्य मंगलवार रात गांव पहुंचे और पूर्व सरपंच के घर धावा बोला। उन्होंने बोड़के रामा पर आरोप लगाया कि वह पुलिस को सूचनाएं दे रहा था, लोगों को जबरन धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था और ग्रामवासियों की जमीन पर अवैध कब्जा कर रहा था। इसके बाद नक्सलियों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

घटना के बाद नक्सलियों ने पर्चा जारी कर कहा कि बोड़के रामा गांव में बीजा पंडुम (पारंपरिक पूजा स्थल) को बुलडोजर और जेसीबी से नष्ट कर वहां खेती कर रहा था। साथ ही, उसने तालाब की मेड़ खुदवा कर नीचे की जमीन का पट्टा अपने नाम करा लिया था। नक्सलियों ने दावा किया कि वह पास्टर बनकर कुछ ग्रामीणों को धर्मांतरण के लिए उकसा रहा था।

See also  जिंदल स्टील प्लांट में बड़े हादसे के दौरान घायल 2 मजदूरों की मौत, फोर्टिस अस्पताल में तोड़ा दम

पूर्व सरपंच की हत्या के बाद पूवर्ती सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। लोग नक्सलियों की इस नृशंस हरकत से स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल जनजीवन को डर के साये में डालती हैं, बल्कि विकास की गति को भी प्रभावित करती हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।