जांजगीर-चांपा। क्रोकोडाइल पार्क के नाम से मशहूर कोटमीसोनार में एक अजीबो-गरीब घटना ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया। यहां एक ग्रामीण के घर में अचानक बिस्तर के नीचे मगरमच्छ छिपा हुआ मिला। जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते गांव में यह खबर फैल गई।

खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। यहां मगरमच्छ को बाहर निकालना आसान नहीं था। कई घंटे तक मशक्कत और गांववालों के सहयोग के बाद आखिरकार टीम ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और सांसें थामे पूरा नजारा देखते रहे।

क्रोकोडाइल पार्क से भटक कर गांव में चला आया…

वन विभाग ने बताया कि जिस घर में मगरमच्छ मिला है, वह ग्राम कोटमीसोनार का ही हिस्सा है और यहीं पर प्रसिद्ध मुड़ा तालाब का क्रोकोडाइल पार्क भी स्थित है। संभावना जताई जा रही है कि तालाब से भटककर यह मगरमच्छ गांव के घर में पहुंच गया। टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित तरीके से वापस मुड़ा तालाब में छोड़ दिया।

See also  हसदेव अरण्य के सभी कोल ब्लॉक के निरस्त होने तक जारी रहेगा संघर्ष, मदनपुर में आयोजित विशाल सभा में लिया गया संकल्प

अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसे हालात में घबराएं नहीं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया कि ग्रामीण इलाकों में तालाब और क्रोकोडाइल पार्क के नजदीक रहने वालों को सतर्क रहना बेहद जरूरी है।