रायपुर। राजधानी रायपुर में बिना मान्यता के निजी स्कूलों के संचालन को लेकर शिकायत पर राज्य लोक आयोग ने स्कूल शिक्षा सचिव से जवाब तलब किया है। आयोग ने स्कूल शिक्षा सचिव को 9 सितंबर तक उपस्थित होने के लिए कहा है।
प्रदेश में बिना मान्यता के निजी स्कूलों के संचालन का मामला इन दिनों हाई कोर्ट में चल रहा है और चीफ जस्टिस ने इस केस में काफी गंभीर टिप्पणियां की है। इस मामले में याचिकाकर्ता और कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने लोक आयोग में भी कृष्णा पब्लिक स्कूल रायपुर द्वारा बिना मान्यता के स्कूलों के संचालन को लेकर शिकायत की थी।
इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिना मान्यता के कृष्णा पब्लिक स्कूल समूह द्वारा रायपुर में 6 स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने आयोग में अपनी शिकायत में बताया कि जांच में उक्त स्कूलों को लेकर शिकायत सही पाई गई है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पूरे मामले में लोक आयोग ने स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेसी से जवाब मांगा हैं। उन्हें 9 सितंबर को आयोग में प्रस्तुत होकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।




