रायपुर। चक्रवाती तूफान मोंथा के कमजोर पड़ने के बाद शहर में बादल छंटे तो लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन रात में नवा रायपुर में फिर हल्की बारिश हुई। बादल हटने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड की वापसी के संकेत मिले हैं। शनिवार को कई दिनों बाद निकली चमकीली धूप से लोगों ने सुकून महसूस किया।
अक्टूबर का अंतिम सप्ताह राज्य में बादलों और नमी भरे मौसम के साथ बीता। आमतौर पर इस समय रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है, जिससे शहरी इलाकों में हल्की ठंड महसूस होने लगती है। हालांकि इस बार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के असर से दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा। अंतिम दिनों में शहर में बिखरी हुई वर्षा भी दर्ज की गई। लगातार तीन-चार दिन तक धूप न निकलने से लोग मौसम से उकताने लगे थे। शनिवार को सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद मौसम साफ हुआ और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं, शाम के बाद नवा रायपुर में दोबारा हल्की बारिश दर्ज की गई।
आज मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने लगेगी और ठंड का असर बढ़ेगा। शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा का न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।


