टीआरपी। downgraded and terminated : अनुबंधित समय-सीमा में काम नहीं करने वाले ठेकेदारों को डिग्रेड व टर्मिनेट करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही बस्तर परिक्षेत्र में सभी तरह के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग करने कहा गया है। यह निर्देश लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने दिया है।

नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में आर.आर.पी.(Road Requirement Plan)और केंद्र प्रवर्तित आर.सी.पी.एल.डब्लू.ई.ए.(Road Connectivity Project in Left Wing Extremism Areas) के तहत स्वीकृत सड़कों और पुलों के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

डॉ. सिंह ने बैठक में बस्तर परिक्षेत्र के विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन सड़कों, भवनों और सेतु कार्यों की प्रगति के साथ ही प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त ऐसे कार्यों जिनकी निविदा आमंत्रित की जानी है, की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों में प्रस्तावित बड़े कार्यों व परियोजनाओं को अमलीजाना पहनाने मैदानी कार्यालयों द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की भी समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।

See also  दुर्ग-भिलाई में मिले रायपुर जिले से अधिक नये कोरोना संक्रमित, एक दिन में 135 पॉजिटिव मिले

ये काम जल्द होंगे पूर्ण

बस्तर परिक्षेत्र के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि दंतेवाड़ा जिले में गीदम जनपद से बांगाबाड़ी बायपास तथा सुकमा जिले में ग्राम झापरा से पुसपल्ली मार्ग का काम 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। इन दोनों कार्यों को दिसम्बर के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। कांकेर के खैरखेड़ा से गोटीटोला मार्ग का काम भी 60 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसे दिसम्बर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि गीदम-दंतेवाड़ा-किरंदुल मार्ग के उन्नयन और नवीनीकरण का कार्य भी 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसे जनवरी-2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। कोंडागांव जिले में कोपरा से टाटीपारा मार्ग का निर्माण 60 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। इसे मार्च-2026 तक पूरा किया जाएगा। बास्तानार में आई.टी.आई. भवन का 85 प्रतिशत काम पूरा हो गया है जो मार्च-2026 तक पूर्ण हो जाएगा।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप और सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी , बस्तर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एम.एस. उरांव और अधीक्षण अभियंता एस.के. सूर्यवंशी सहित परिक्षेत्र के सभी कार्यपालन अभियंता बैठक में मौजूद थे।

See also  नए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एक-दो दिन में हो जाएगा तय, जाति विशेष पर नहीं, कार्य शैली पर रहेगा फोकसः डॉ. रमन

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।