टीआरपी डेस्क। राजधानी दिल्ली में 30 नवंबर को हुए नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों के उपचुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए। इन चुनावों में बीजेपी ने 7 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि आम आदमी पार्टी को 3 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 1 सीट मिली है और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा है।

चुनाव परिणामों में बीजेपी को नुकसान हुआ है, क्योंकि जिन 12 वार्डों में उपचुनाव कराए गए थे, उनमें से 9 वार्ड पहले बीजेपी के पास थे, जो अब घटकर 7 रह गए हैं।

मतदान 30 नवंबर को कराया गया था, जहां कुल मतदान प्रतिशत बेहद कम रहा, हालांकि मतदान शांतिपूर्ण रहा और किसी भी प्रकार की झड़प की सूचना नहीं मिली। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई और सभी 12 वार्डों के नतीजे घोषित कर दिए गए।

चुनाव परिणाम: किस वार्ड में किसकी जीत

विनोद नगर— सरला चौधरी (बीजेपी) 1769 वोटों से जीती
द्वारका बी— मनीषा देवी (बीजेपी) 9100 वोटों से जीती
अशोक विहार— वीना असीजा (बीजेपी) 405 वोटों से जीती
ग्रेटर कैलाश— अंजुम मॉडल (बीजेपी) 4165 वोटों से जीती
दिंचाऊं कला— रेखा रानी (बीजेपी) 5637 वोटों से जीती
चांदनी महल— मोहम्मद इमरान (निर्दलीय) 4592 वोटों से जीते
मुंडका— अनिल (AAP) 1577 वोटों से जीते
संगम विहार ए— सुरेश चौधरी (कांग्रेस) 3628 वोटों से जीते
शालीमार बाग बी— अनीता जैन (बीजेपी) 10101 वोटों से जीती
दक्षिण पुरी— राम स्वरूप कनौजिया (AAP) 2262 वोटों से जीते
चांदनी चौक— सुमन कुमार गुप्ता (बीजेपी) 1182 वोटों से जीते
नारायणा— राजन अरोड़ा (AAP) 148 वोटों से जीते

See also  Tokyo Olympics : PV Sindhu ने कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास, भारत पुरुष हॉकी में भी आगे

बीजेपी को इस उपचुनाव में 7 वार्डों पर जीत मिली है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी ने भी सीटें हासिल कर बहुदलीय प्रतिस्पर्धा को मजबूत किया है।

580 बूथों पर हुआ था मतदान

दिल्ली राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, 143 मतदान केंद्रों के 580 बूथों पर मतदान कराया गया था। कई सीटों पर AAP और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर रही, जिसके चलते परिणामों पर सभी की निगाहें टिकी थीं।

सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व की पहली परीक्षा

दिल्ली नगर निगम के 2022 चुनावों में बीजेपी ने 115 सीटें जीती थीं। उपचुनाव में पार्टी 100 प्रतिशत सफलता चाहती थी, ताकि सदन में बहुमत मजबूत हो सके। इसे दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता की पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा था। अब नतीजों के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आगे की रणनीति क्या होगी।